Balasore Train Accident: हादसे में 'ओडिशा के पीड़ितों' के लिए CM नवीन पटनायक ने की मुआवजे की घोषणा
ओडिशा बालासोर रेल हादसे में अब तक 288 लोगों की मौत हो चुकी है। लगभग एक हजार लोग घायल हैं। हादसा कोरोमंडल एक्सप्रेस ( 12841) , बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12864) और मालगाड़ी के टक्कर से हुई।

Balasore Train Accident Update News: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बालासोर रेल हादसे को लेकर मुआवजे की घोषणा की है। ये मुआवजा सिर्फ 'ओडिशा के पीड़ितों' के लिए है। ओडिशा CMO ने रविवार (04 जून) सुबह ये जानकारी दी है कि रेल हादसे में ओड़िशा के जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
ओडिशा CMO ने कहा है कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे में राज्य के मरने वाले लोगों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है।
ओडिशा के बालासोर में रेल दुर्घटना स्थल पर मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। रविवार (04 जून) की सुबह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण भी किया है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'कल रात (शनिवार) एक ट्रैक काम लगभग पूरा हो गया है। आज एक ट्रैक की पूरी मरम्मत करने की कोशिश रहेगी। सभी डिब्बों को हटा लिया गया है। शवों को भी निकाल लिया गया है। मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। कोशिश है की बुधवार की सुबह तक ये ट्रैक चालू हो जाए।''
हादसा कैसे हुआ इस पर बात करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ''रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने मामले की जांच की है। हादसे के कारण का पता लग गया है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान भी कर ली गई है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग में बदलाव के कारण यह दुर्घटना हुई है।''
रेल मंत्रालय ने बताया कि पटरियों की जल्द से जल्द बहाली के लिए 1000 से ज्यादा लोग काम में लगे हैं। रेल मंत्रालय ने बताया कि पटरियों की जल्द से जल्द बहाली के लिए सात से अधिक पोकलेन मशीनें, दो दुर्घटना राहत ट्रेनें और तीन से चार रेलवे और सड़क क्रेन लगाई गई हैं।
दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त पटरियों पर यातायात जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications