Bajinder Singh Case: महिला आयोग ने क्यों कि चर्चित पादरी के गिरफ्तारी की मांग? क्या है पूरा मामला जानें?
Bajinder Singh Case: राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने पंजाबी पादरी बजिंदर सिंह को यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार करने की मांग की है। बता दें कि इस पादरी पर एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उसे धमकाया।
एनसीडब्ल्यू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "अध्यक्ष विजया रहाटकर के निर्देश पर, एनसीडब्ल्यू ने जालंधर, पंजाब में यौन उत्पीड़न में गिरफ्तार पादरी बजिंदर सिंह पर मीडिया रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लिया है।

महिला आयोग ने अधिकारियों से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत सिंह के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करने का भी आग्रह किया।"
पादरी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न), 354 डी (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने पहले कहा था कि उस पर अपना बयान वापस लेने के लिए दबाव डाला जा रहा है। स्वयंभू धर्मगुरु के समर्थकों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया है और दावा किया है कि पीड़िता ने झूठा बयान दिया है और वह निर्दोष है।
Bajinder Singh Case: एनसीडब्ल्यू कार्रवाई की मांगी रिपोर्ट
महिला आयोग ने आगे क्या हुआ यह जानने के लिए 3 दिनों में कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) और प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) मांगी है। पादरी के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल भी गठित किया गया है।
पंजाबी पादरी बजिंदर सिंह ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि वह गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, "मेरे घर में दो बच्चे हैं, मैं छोटे बच्चों का पिता हूं मैं ऐसा गलत काम कभी नहीं कर सकता।"
Bajinder Singh Case: क्या है पूरा मामला?
20 फरवरी को पीड़िता ने जलालपुर में कपूरथला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि पंजाब के एक लोकप्रिय पादरी बजिंदर सिंह ने 2020 से कई मौकों पर उसे कथित तौर पर छुआ था और उसे गलत मैसेज भी भेजे थे।
पीड़िता ने बताया कि वह और उसके माता-पिता 2017 से सिंह द्वारा स्थापित 'चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम' में जा रहे थे और वह 2020-22 तक उनकी 'पूजा' टीम का हिस्सा रही थी। इस दौरान उसने उसका फोन नंबर ले लिया और उसे मैसेज भेजने शुरू कर दिए। महिला ने अपनी शिकायत में कहा, "फोन पर मुझसे बात करते समय वह अवांछित और अश्लील बातें करता था, जिसका मैं हमेशा विरोध करती थी।"
उसने आरोप लगाया, '2022 में मैं रविवार को उसके समागम में जाती थी, जहां वह मुझे गलत तरीके से छूता था, जब मैं उसके केबिन में अकेली होती थी।' उसने यह भी दावा किया कि जब वह कॉलेज जाती थी तो बजिंदर सिंह उसका पीछा करता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि सिंह अफीम के व्यापार में संलिप्त था और वेश्यालयों में "लड़कियों को बेचता" था।
Bajinder Singh Case: कई बार लगा है आरोप
यह पहली बार नहीं है जब बजिंदर सिंह यौन दुराचार के मामले में शामिल हुआ है। 2018 में भी इस पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था जिसमें पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसने चंडीगढ़ के सेक्टर 63 में अपने घर पर उसके साथ बलात्कार किया और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया।












Click it and Unblock the Notifications