आर्यन खान बेल: अभी देश छोड़ने की इजाजत नहीं, हर शुक्रवार को NCB दफ्तर में लगानी होगी हाजिरी
मुंबई, 29 अक्टूबर: क्रूज शिप ड्रग्स केस में गुरुवार शाम को ही आर्यन खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिल गई, जहां उनकी जमानत मंजूर कर दी गई। अब हाईकोर्ट का विस्तृत जमानत आदेश भी सामने आ गया है। जिसमें साफ कहा गया कि उनको अभी देश से बाहर जाने की इजाजत नहीं है। ऐसे में उन्हें अपना पासपोर्ट तत्काल स्पेशल कोर्ट के समक्ष पासपोर्ट सरेंडर करना होगा। साथ ही हर शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच मुंबई के एनसीबी कार्यालय में उपस्थित होना होगा।

आदेश में कहा गया कि आर्यन को एक लाख के पीआर बांड की जमानत राशि पेश करनी होगी। साथ ही उन्हें इस तरह की गतिविधि में दोबारा नहीं शामिल होना चाहिए। कोर्ट ने साफ कहा कि आर्यन को जमानत तो दे दी गई है, लेकिन वो अपने सह-आरोपियों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश ना करें और एनडीपीएस कोर्ट से अनुमति के बिना उन्हें देश नहीं छोड़ना चाहिए। वहीं दूसरी ओर आदेश की कापी मिलते ही रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने वकील सेशल कोर्ट पहुंचे।
बॉलीवुड हस्तियों ने दी बधाई
वहीं दूसरी ओर जैसे ही आर्यन का जमानत मिलने की बात सामने आई, वैसे ही सलमान खान, अक्षय कुमार समेत कई बॉलीवुड स्टार्स ने शाहरुख को पर्सनली फोन करके बधाई दी। तो वहीं किंग खान की पत्नी गौरी को भी उनकी दोस्त सीमा और माहीप ने फोन किया। आर्यन के दोस्त भी यूके और यूएस में परेशान थे, उन्होंने जमानत के बाद राहत की सांस ली।
सुहाना ने शेयर की तस्वीर
वहीं आर्यन खान की जमानत याचिका पर जैसे ही हाईकोर्ट का फैसला आया, उसके कुछ समय बाद सुहाना खान ने अपने इंस्टाग्राम पर ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया। इन तस्वीरों में शाहरुख अपने बच्चों आर्यन और सुहाना के साथ खेलते हुए नजर आ रहे हैं। सुहाना खान ने तस्वीरों के इस कोलाज के साथ कैप्शन में लिखा- 'आई लव यू'।












Click it and Unblock the Notifications