Sad News: नहीं रहे मशहूर पत्रकार एसके श्यामसुंदर, सीएम सिद्धारमैया ने जताया शोक, सदमे में लोग
SK Shyamsundar: एक दुखद खबर पत्रकारिता जगत से है, सोमवार देर रात कन्नड़ भाषा के दिग्गज पत्रकार एसके श्यामसुंदर का निधन हो गया। 72 साल के श्यामसुंदर लंबे वक्त से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे, उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ।
एसके श्यामसुंदर का करियर 39 साल से भी ज़्यादा लंबा था। इस दौरान उन्होंने कन्नड़ पत्रकारिता, खास तौर पर डिजिटल क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें वन इंडिया कन्नड़ के पहले संपादक होने का गौरव प्राप्त था। वो बहुत सारे पुरस्कारों से भी नवाजे गए थे।

बिंदास अंदाज. काम के प्रति समर्पण, हमेशा कुछ नए करने की कोशिश करना और बेफिक्री से जिंदगी जीने का अंदाज उन्हें लोगों से अलग करता था।
'आत्मशक्ति ही सबसे बड़ी ताकत है'
बेहद ही खुशमिजाज एसके श्यामसुंदर हमेशा कहते थे कि 'इंसान हमेशा निराश तब होता है,जब उसका खुद पर से भरोसा उठ जाता है इसलिए आत्मशक्ति ही सबसे बड़ी ताकत है, अपने पर विश्वास रखो, ईश्वर आपको रास्ता खुद ही दिखाएगा।'
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे श्यामसुंदर
मालूम हो कि श्यामसुंदर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें बेंगलुरु के दिग्विश अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था लेकिन समय के साथ उनकी हालत बिगड़ती गई, जिससे वे कोमा में चले गए थे, उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ और कल दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर एसके श्यामसुंदर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि' वरिष्ठ पत्रकार एस. के. श्यामासुंदर के निधन की दुखद खबर। अपनी लेखनी से लोगों को प्रभावित करने वाले श्यामासुंदर ने काफी समय तक पत्रकार के रूप में सार्थक काम किया, वो शानदार थे। ईश्वर मृतक की आत्मा को शांति दे, उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दे।'
वनइंडिया कन्नड़ के पहले संपादक थे श्यामसुंदर
श्यामसुंदर के निधन से पत्रकारिता जगत की बहुत बड़ी क्षति हुई है। उनके व्यापक अनुभव और योगदान ने क्षेत्रीय पत्रकारिता पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वनइंडिया कन्नड़ के पहले संपादक के रूप में, उन्होंने क्षेत्र में डिजिटल पत्रकारिता को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जो हमेशा लोगों के जेहन में जिंदा रहेगी।
वनइंडिया परिवार गहरा शोक व्यक्त करता है
पूरा वनइंडिया परिवार एसके श्यामसुंदर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है और उनकी आत्मा की शांति के लिए ऊपरवाले से प्रार्थना करता है।












Click it and Unblock the Notifications