Baba Siddiqui Murder Case: पंजाब से मुंबई तक जुड़े बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के तार! जानें कैसे दिया गया अंजाम?
Baba Siddiqui Murder Case Update: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या का मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
हत्याकांड में, पंजाब के जालंधर निवासी मोहम्मद जीशान अख्तर की भूमिका सामने आई है। इस मामले के तार पंजाब से लेकर मुंबई तक फैले हुए हैं और इसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम भी सामने आया है। जीशान अख्तर की सिर पर लॉरेंस का हाथ?

मोहम्मद जीशान अख्तर, जो जालंधर के नकोदर के शकर गांव का निवासी है, इस हत्या का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। अख्तर की मुलाकात पटियाला जेल में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों से हुई थी, जहां उसे बाबा सिद्दीकी की हत्या की सुपारी दी गई थी। 2022 में अख्तर को हत्या और डकैती जैसे संगठित अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जेल से रिहा होने के बाद, वह मुंबई चला गया और हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए शूटरों के साथ समन्वय स्थापित किया।
तीन शूटरों ने घेरकर सिद्दीकी को किया छलनी!
मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में दशहरा समारोह के दौरान बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले के वक्त सिद्दीकी अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के पास मौजूद थे। तीन शूटरों ने अचानक उन पर हमला किया और मौके से फरार हो गए। सिद्दीकी को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन गिरफ्तारी, दो फरार
मुंबई पुलिस ने इस हत्या के सिलसिले में अब तक तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन अन्य फरार है, जिसमें से दो की पहचान हो चुकी है। प्रवीण लोनकर के भाई शुभम ने हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लेते हुए कहा था कि यह हत्या लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से की गई है। हालांकि, बाद में उसने वह पोस्ट हटा दिया।
गिरफ्तार
- हरियाणा का गुरमेल बलजीत सिंह (23)
- उत्तर प्रदेश का धर्मराज राजेश कश्यप (19)
- पुणे से गिरफ्तार तीसरा आरोपी प्रवीण लोनकर (29)
फरार
- पंजाब का चौथा आरोपी जीशान अख्तर फरार
- उत्तर प्रदेश का शिवकुमार फरार
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
मुंबई पुलिस की कई टीमें अख्तर और इस मामले से जुड़े अन्य तीन आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस इस पूरे मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है। डीसीपी क्राइम ब्रांच दत्ता नलावडे के अनुसार, मौके पर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से दो पिस्तौल और 28 राउंड बरामद किए गए। फिलहाल, आरोपियों की पुलिस हिरासत 21 अक्टूबर तक के लिए बढ़ाई गई है।
बाबा सिद्दीकी की हत्या ने महाराष्ट्र और पंजाब के बीच संगठित अपराध और गिरोह के नेटवर्क की पोल खोल दी है। इस मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी जारी है, और पुलिस लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के इस हत्या में शामिल होने की भूमिका की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई से यह साफ होगा कि इस संगठित अपराध के पीछे और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं।
ये भी पढ़ें- बाबा सिद्दीकी की हत्या से जुड़ा लॉरेंस बिश्नोई का नाम, गिरफ्तार हुए अपराधियों ने किया गैंग से जुड़े होने का दावा












Click it and Unblock the Notifications