अयोध्या केस: राजीव धवन ने फाड़ा नक्शा तो भड़के रामविलास वेदांती, बोले- ये SC का अपमान, कराऊंगा केस
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या भूमि विवाद की सुनवाई पूरी हो गई है। 40 दिनों तक चली इस मामले की सुनवाई का बुधवार को अंतिम दिन था, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। वहीं, सुनवाई खत्म होते ही बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। रामजन्मभूमि न्यास के महंत रामविलास वेदांती ने मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन पर कोर्टरूम में नक्शा फाड़ने के मामले पर निशाना साधा है, साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

राजीव धवन पर भड़के रामविलास वेदांती
रामविलास वेदांती ने कहा कि राजीव धवन ने कोर्ट का अपमान किया है, उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाना चाहिए। वेदांती ने कहा कि धवन ने जो कुछ किया है वह भारत की संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले के बारे में पुलिस को बता चुके हैं और वे धवन के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा सकते हैं। रामविलास वेदांती ने राजीव धवन पर आरोप लगाया कि जो राहुल गांधी ने संसद में किया था, वही उन्होंने कोर्ट में किया। उनका कहना था कि अधिकांश मुस्लिम चाहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बने।

राजीव धवन के खिलाफ कराएंगे FIR
अयोध्या मामले की सुनवाई के 40वें दिन बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष के वकील ने अखिल भारतीय हिंदू महासभा के वकील विकास सिंह की तरफ से पेश किए गए नक्शे को फाड़ दिया। इसपर सीजेआई नाराज हो गए और उन्होंने हमारी तरफ से बहस पूरी हो चुकी है, कोई कुछ कहना चाहता है तो इसलिए वक्त दिया जा रहा है, वरना हम उठकर जा भी सकते हैं। अयोध्या विवाद में अपनी दलीलों से चर्चा में आए राजीव धवन सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील हैं।

राजीव धवन ने कोर्टरूम में फाड़ा नक्शा
अखिल भारतीय हिंदू महासभा द्वारा भगवान राम के जन्मस्थान को दर्शाने वाले नक्शे का हवाला दिए जाने पर राजीव धवन आपत्ति जताई थी। नक्शा फाड़ने के बाद कोर्ट में राजीव धवन सफाई देते हुए बोले, 'मैंने कहा था कि इसे फाड़ रहा हूं, इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि जो करना है करो, तो मैंने फाड़ दिया। अब मीडिया में चल रहा है कि चीफ जस्टिस के कहने पर मैंने कागज़ फाड़े। इस पर सीजेआई गोगोई ने कहा, स्पष्टीकरण हो गया। आप कह सकते हैं कि मेरे कहने पर ही आपने कागज फाड़े।'












Click it and Unblock the Notifications