'मोदी जी के खिलाफ कोई भी चालाकी नहीं चलेगी', राहुल-नीतीश को क्या सुना गए अठावले ? जानिए
नई दिल्ली,7 सितंबर: कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राहुल गांधी पर जोरदार चुटकी ली है और गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के खिलाफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुहिम पर भी जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नेता को भारत जोड़ो की जगह अपनी पार्टी को जोड़ने की यात्रा करनी चाहिए। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की एकजुटता के लिए काम कर रहे हैं और यह सब सरकार को तोड़ने के लिए किया जा रहा है ना कि देश को एकजुट करने के लिए किया जा रहा है।

देश जोड़ने नहीं, सरकार तोड़ने की यात्रा है- अठावले
अपने निराले अंदाज में कटाक्ष के लिए जाने जाने वाले केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने न्यूज एजेंसी एएनआई से आज कहा कि 'मुझे लगता है कि भारत जोड़ो यात्रा की जगह राहुल गांधी जी को 'कांग्रेस जोड़ो यात्रा करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को कनेक्ट करने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुझे लगता है कि राहुल गांधी सरकार को तोड़ने के लिए यात्रा कर रहे हैं, देश को जोड़ने के लिए नहीं।' कांग्रेस नेता ने बुधवार को ही कन्याकुमारी से कश्मीर तक की 3,570 किलोमीटर लंबी 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत करवाई है।

यह भारत तोड़ो यात्रा है- अठावले
गुलाम नबी आजाद जैसे कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में कांग्रेस छोड़ दी है। आरपीआई (ए) के नेता ने यहां तक कहा है कि चाहे राहुल गांधी कितना भी दम लगा लें, 2024 के आम चुनावों में कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी। वो बोले- 'कांग्रेस पार्टी देश में विवाद पैदा करने के लिए रैली निकाल रही है, इसलिए यह यात्रा भारत जोड़ो यात्रा नहीं है, बल्कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। इसलिए मैं सोचता हूं कि चाहे राहुल गांधी कितनी भी कोशिश कर लें, नरेंद्र मोदी को फायदा मिलेगा और कांग्रेस 2024 में सत्ता में नहीं लौटेगी।'

'मोदी जी के खिलाफ कोई भी चालाकी नहीं चलेगी'
अठावले का कहना है कि पीएम मोदी अपने समावेशी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहे हैं और नीतीश कुमार जैसे नेता एनडीए को हराने में कामयाब नहीं होंगे। केंद्रीय मंत्री बोले- 'मैं सोचता हूं कि नीतीश कुमार जी जो चालाकी दिखा रहे हैं, मोदी जी के खिलाफ कोई भी चालाकी सफल नहीं होगी। क्योंकि, मोदी जी को हराना बच्चों का खेल नहीं है। मोदी जी पूरी दुनिया में बहुत बड़े और मशहूर नेता हैं। उनका मिशन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भूमिका के साथ आगे बढ़ना है। अगर विपक्ष एकजुट भी हो जाएगा, तब भी एनडीए को 400 से ज्यादा सीटें मिलेंगी और बीजेपी को अकेले 350 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।'

मोदी सरकार के खिलाफ मुहिम में जुटे हैं नीतीश
दरअसल, नीतीश कुमार सोमवार से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्ष के तमाम नेताओं से मिलकर उन्हें भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी दलों के कई बड़े नेताओं से मिल चुके हैं और उनकी यह मुहिम लगातार जारी है।

केसीआर ने शुरू किया अभियान, नीतीश चढ़ा रहे हैं परवान
पिछले महीने ही नीतीश कुमार ने बिहार में अचानक बीजेपी से गठबंधन तोड़ लिया था और विपक्षी दल आरजेडी और उसकी 5 सहयोगियों के साथ मिलकर नई सरकार बना ली थी। गौर करने वाली बात ये है कि जिस मुहिम को नीतीश पिछले तीन दिनों से दिल्ली में आगे बढ़ा रहे हैं, उसकी शुरुआत पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पटना जाकर की थी। उन्होंने इस सिलसिले में नीतीश के साथ एक बहुचर्चित प्रेस कांफ्रेंस भी की थी। इस पीसी का वह वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें पत्रकारों के सवाल पर नीतीश बार-बार उठ जा रहे थे और केसीआर उनका हाथ पकड़कर बिठाने की कोशिश कर रहे थे। केसीआर ने उस यात्रा के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव से भी मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications