Daily Political Update: मध्य प्रदेश के मिशन पर BJP-कांग्रेस, रैलियों में आक्रामक हुए पीएम मोदी-राहुल गांधी
Political Roundup of Assembly Election States: राज्यों में चुनावी संग्राम जोरों पर हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस नेता एक के बाद बड़ी जनसभाओं को संबोधित करते हुए अपनी पार्टी की तरफ हवा बनाने में जुटे हुए हैं। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मतदान होने वाला है, जिससे पहले पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी तक सभी नेता पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जहां कांग्रेस दोबारा सत्ता रिपीट करने की लड़ाई लड़ रही है तो भाजपा भी सत्ता बदलने के लिए जमकर मैदान में हैं। मध्य प्रदेश में जहां कांग्रेस सत्ता में आने के लिए जोर रही है तो बीजेपी विकास के नाम पर वोट मांग रही है। वहीं तेलंगाना में बीआरएस के साथ दोनों ही दल लड़ाई में नजर आ रहे हैं। ऐसे में मंगलवार (14 नवंबर) को पूरे दिन किस राज्य में क्या चुनावी हाल रहा, जानें सभी अपडेट्स जानिए एक खबर में...

मध्य प्रदेश चुनाव में आज दिनभर
मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। यहां कुल 230 सीटों पर 17 नवंबर को वोटिंग होनी है। चुनाव के लिए दोनों ही दलों ने भरपूर घोषणाओं की है। मध्य प्रदेश में अभी बीजेपी के शिवराज सिंह चौहाना मुख्यमंत्री है।
पीएम मोदी और राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं, जहां दोनों ही नेताओं ने एक दूसरे को जमकर घेरा।
बैतूल में बरसे पीएम मोदी: मध्य प्रदेश के बैतूल में एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जो वादा करती है, वो कभी पूरा नहीं करती है। पिछली बार कर्ज माफी का वादा सरकार बनने के 1.5 साल बाद तक भी पूरा नहीं कर पाए। लूटने में ही पड़े रहे। ये चुनाव है मध्य प्रदेश के विकास को डबल रफ्तार देने का है। ये चुनाव है कांग्रेस के लूट और भ्रष्टाचार को फिर कभी मध्य प्रदेश की तिजोरी पर हाथ न लगाने देने का। कांग्रेस का पंजा छिनना जानता है, लूटना जानता है। आपका तो अनुभव है जहां जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई है।
शाजापुर में पीएम मोदी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाजापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा, "आपको यह याद रखना है, कांग्रेस वो पार्टी है जो निवेशकों को भगाती है। कांग्रेस वो पार्टी है, जो हजारो करोड़ों का भ्रष्टाचार करती है। कांग्रेस वो पार्टी है जो सिर्फ एक परिवार के लिए काम करती है, उसे आपके परिवार से कोई मतलब नहीं है। आज इस देश में आप देख लीजिए, जहां-जहां कांग्रेस आई तबाही लाई।"
झाबुआ रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस के पंजे को मिलेगी करारी हार, एमपी चुनेगा भाजपा बार-बार। कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी समाज को वोट बैंक के रूप में ही देखा है। डबल इंजन की सरकार ने आदिवासी समाज के लिए निरंतर काम किया है। कांग्रेस जब सत्ता में थी तब पिछड़े क्षेत्रों से सिर्फ भुखमरी की तस्वीरें आती थी, कुपोषित बच्चों की तस्वीरें आती थी, कांग्रेस के नेता आदिवासी समाज के साथ तस्वीर खींचवाकर उनकी गरीबी और बदहाली दिखाते थे, यह ड्रामा नाना, दादी, पिता सभी ने किया।"
राहुल ने लगाया चोरी का आरोप: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विदिशा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आप लिख लो मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को 145 से 150 सीटें देने जा रही है।आज से 5 साल पहले आपने कांग्रेस पार्टी की सरकार चुनी थी और फिर प्रधानमंत्री मोदी, शिवराज सिंह चौहान, अमित शाह ने मिलकर विधायकों को खरीदकर मध्य प्रदेश की चुनी हुई सरकार को चोरी किया। भाजपा के नेताओं ने सौदा करके जो आपका निर्णय था उसको कुचलने का काम किया है।"
छतरपुर में योगी की सभा: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छतरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "... कांग्रेस देश के लिए, जनता के लिए, एक गरीब के लिए, एक नौजवान के लिए, एक किसान के लिए, माताओं और बहनों के लिए समस्या है और इस समस्या से मुक्ति पाने के लिए चुनाव सबसे अच्छा अवसर है... पिछले 20 वर्षों में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य मे उभरने में मदद की... "
उज्जैन में सीएम शिवराज: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में जनता को संबोधित करते हुए कहा, "मैं आपके लिए नेता नहीं हूं, मैंने सरकार नहीं चलाई है परिवार चलाया है। बताइए मैं मुख्यमंत्री लगता हूं या भईया? मैंने बहनों में भेदभाव नहीं किया। बहन तो बहन होती है चाहें वह किसी भी जाति की हो।"
छत्तीसगढ़ का चुनाव दिनभर
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता में दोबारा वापसी को लेकर मैदान में है, जबकि बीजेपी भ्रष्टाचार के आरोप लगातार चुनाव में कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे रही है। 17 नवंबर को यहां दूसरे और अंतिम चरण का मतदान है।
राजिम में हिमंत बिस्वा की रैली: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राजिम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर घोटाले का आरोप लगाया। सीएम सरमा ने कहा कि उन्होंने (भूपेश बघेल) महादेव के नाम पर घोटाला किया है, अब महादेव उन्हें छोड़ेंगे नहीं... भूपेश बघेल आपका हिसाब देने का समय आ चुका है... चुनाव के पहले चरण में आप लोग(कांग्रेस) हार चुके हैं और दूसरे चरण के चुनाव में आपका हारना पक्का है।''
बघेल ने पीएम मोदी को घेरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि आप (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) जिम्मेदारी के पद पर बैठे हुए हैं और आपको सवालों के जवाब देने होंगे। आप क्यों जातीय जनगणना नहीं कराते हैं? आपको किसका डर है? सबसे बड़ा झूठा सर्च करेंगे तो प्रधानमंत्री मोदी का नाम आगे आएगा। वह ये लड़ाई सीधी नहीं लड़ रहे हैं। कभी झूठा आरोप लगा देंगे तो कभी ED को सामने ले आएंगे।
राजस्थान चुनावी माहौल
राजस्थान में कांग्रेस अपनी चुनावी योजनाओं और मजबूत सरकार के दावे के साथ चुनाव लड़ रही है, जबकि बीजेपी पूरी टक्कर देते हैं। सुरक्षा-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और कानून के मुद्दे पर सत्तारूढ़ दल से जंग लड़ रही है। राजस्थान में 25 नवंबर को सभी 200 सीटों पर वोटिंग होगी।
विकास के नाम पर चुनाव: राजस्थान CM अशोक गहलोत ने पीएम मोदी को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी आएंगे, अमित शाह भी आएंगे और लोगों को भड़काने वाले काम करेंगे। हम उनको चुनौती देते हैं कि आप जिस राज्य में जा रहे हैं उस राज्य का 5 साल में प्रदर्शन क्या रहा, जो उन्होंने फैसले किए हैं उसपर बात कीजिए। हम विकास के नाम पर वोट मांगने की बात कर रहे हैं। वे (भाजपा) धर्म के नाम पर अपना पुराना एजेंडा राजस्थान पर थोपना चाहते हैं।
तेलंगाना चुनाव के दिनभर का हाल
तेलंगाना में त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है। इस बार बीआरएस को बीजेपी और कांग्रेस टक्कर देती नजर आ रही है। यहां कुल 119 सीटों पर 30 नवंबर को वोटिंग होगी।
कांग्रेस पर ओवैसी का आरएसएस अटैक: हैदराबाद में तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया। औवेसी ने कहा कि कांग्रेस के जो TPCC(तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी) प्रमुख हैं इनका असली नाम RSS अन्ना है। उन्होंने RSS से अपनी जिंदगी शुरू की और उसी के साथ अपना सियासी जीवन खत्म करेंगे। आज हैदराबाद में जो कांग्रेस का मुख्यालय है उसे मोहन भागवत नियंत्रित कर रहे हैं और उनकी जुबान से जो नफरत निकली है ये RSS की जुबान है। ये इनकी(रेवंत रेड्डी) पहचान है। वे RSS के आदमी हैं और RSS के रहेंगे।
बीआरएस पर कांग्रेस का हमला: हैदराबाद में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता दिनेश गुंडू राव का कहना है कि तेलंगाना में उनके (बीआरएस) खिलाफ बहुत सारे आरोप हैं... पूरे तेलंगाना के संसाधन केसीआर, केटीआर और के परिवारों के पास जा रहे हैं।" उनके मित्र... अब सब कुछ लोगों के सामने है... हर पोर्टफोलियो उनका है... सरकार इस तरह काम नहीं करती... यह पुराने दिनों के शाही परिवार की तरह है। इसे जाना होगा। ..तेलंगाना का गठन केसीआर और उनके परिवार को शासन करते देखने के लिए नहीं किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications