असम: 50 मीटर में सीमित हुई तेल कुएं की आग, काबू पाने में लगेगा 28 दिन का वक्त
नई दिल्ली: असम के तिनसुकिया में स्थित आयल इंडिया के तेल कुएं में लगी आग अभी भी सुलग रही है। आग बुझाने की कोशिश में अब तक दो फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की मौत हुई है, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। साथ ही आसपास के इलाकों को खाली करवाया जा रहा है। आग इतनी भयानक है कि 30 किलोमीटर दूर से धुंआ दिखाई दे रहा है। आग को बुझाने के लिए आयल इंडिया कंपनी सिंगापुर के एक्सपर्ट से भी मदद ले रही है।

Recommended Video
मामले में असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनेवाल ने कहा कि ऑयल इंडिया सिंगापुर के एक्सपर्ट की मदद ले रही है। साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय भी अपनी पूरी कोशिश में लगा है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान घटना की पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके मुताबिक आसपास के प्रभावित होने वाले इलाकों से लोगों को निकाल लिया गया है। आग अब करीब 50 मीटर क्षेत्र में सीमित हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्हें लगभग 25-28 दिन चाहिए। इसके साथ ही पीएम मोदी ने भी राज्य को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
कई जिलों के फायर टेंडर मौके पर
जानकारी के मुताबिक कुएं से पिछले 14 दिनों से गैस का रिसाव हो रहा था। जिस वजह से ये भीषण आग लगी है। इससे पहले 27 मई को भी यहां पर विस्फोट हुआ था। आग की वजह से खेतों में लगी फसलें भी प्रदूषित हो गई हैं। जिस वजह से कंपनी ने प्रभावित परिवारों को 30 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया है। आग बुझाने के लिए ऑयल इंडिया, ओएनजीसी के अलावा तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ जिले से फायर टेंडर्स को मौके पर भेजा गया है। रक्षा प्रवक्ता विंग कमांडर रत्नाकर सिंह के मुताबिक वायुसेना भी इस बचाव अभियान में मदद कर रही है। साथ ही अपने फायर टेंडर को वहां पर भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications