Meghalaya: असम-मेघालय सीमा पर ताजा झड़प, स्थानीय लोगों ने एक दूसरे पर धनुष-बाण से किया हमला
असम-मेघालय सीमा पर एक बार फिर से ताजा झड़प सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो गांवों के स्थानीय लोगों ने एक दूसरे पर जमकर धनुष-बाण और गुलेल से हमला किया। मेघालय के पश्चिम जैंतिया हिल्स जिले और असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के बीच सीमा पर लापांगप गांव में हुई इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दोनों राज्यों की पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल का दौरा करने और स्थानीय लोगों को शांत करने के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। बुधवार सुबह स्थिति शांत लेकिन तनावपूर्ण रही क्योंकि दोनों राज्यों के पुलिस बलों ने ग्रामीणों को उस स्थान पर एकत्र होने से रोक दिया जहां झड़प हुई थी।

पश्चिम जैंतिया हिल्स जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हम स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में अपने समकक्षों के साथ समन्वय कर रहे हैं। लापांगप गांव के बुजुर्ग (वाहे श्नोंग) देइमोनमी लिंगदोह ने दावा किया कि गांव के किसान अपने धान के खेतों की देखभाल कर रहे थे, उन पर खेतों के पास छिपे असम के लोगों ने गुलेल, धनुष और बाण से हमला किया। उन्होंने जिला प्रशासन से उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
बता दें कि इससे पहले 22 नवंबर को असम-मेघालय अंतरराज्यीय सीमा के एक विवादित खंड पर मुकरोह में गोलीबारी की घटना में पांच मेघालय निवासियों और असम के एक वन रक्षक सहित कम से कम छह लोग मारे गए थे। पिछले साल, असम और मेघालय ने मतभेद वाले छह क्षेत्रों में विवाद को सुलझाने के लिए एक सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।












Click it and Unblock the Notifications