"राहुल ही मोदी को चुनौती दे सकते हैं...", खड़गे की कांग्रेस के नए अध्यक्ष पद पर ताजपोशी से पहले बोले गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए आखिरी मिनट तक प्रयास जारी रहा, क्योंकि वह अकेले हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार को चुनौती दे सकते हैं। गहलोत ने कहा कि आज एक नई शुरुआत है। हम मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हैं और पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी ने 1998 में कांग्रेस के मुश्किल हालात में जिम्मेदारी संभाली थी। सोनिया गांधी ने अध्यक्ष बनने के बाद 12-13 राज्यों में सरकारें बनाई। दो बार केंद्र में यूपीए की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के 22 साल के कार्यकाल को हमेशा याद किया जाएगा। 22 साल बाद गैर गांधी परिवार का कोई अध्यक्ष बना है।

Recommended Video
कांग्रेस अध्यक्ष चुने गए मल्लिकार्जुन खड़गे आज दिल्ली में पद की शपथ लेंगे। शपथ से पहले खड़गे ने राजघाट पहुंचकर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की समाधि पर गए। खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री और दलित नेता बाबू जगजीवन राम की समाधि पर भी फूल चढ़ाए।
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी का कहना था कि एक बार गैर गांधी परिवार का कोई नेता कांग्रेस अध्यक्ष बने, इसलिए खड़गे को यह मौका मिला है। अब हम सब मिलकर कांग्रेस को मजबूत करने में जुटना चाहिए। गहलोत ने कहा कि आज एक नई शुरुआत हो रही है और एक दलित नेता को पार्टी का अध्यक्ष बनने का मौका मिला है तो ये बहुत बड़ा फैसला है, खड़गे साहब को ये अवसर मिला है तो हम उन्हें बधाई देते हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि हमें सभी वर्गों का समर्थन और फायदा मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications