'कांग्रेस के 10 विधायकों पर डोरे डाल रही है BJP', दिग्गज नेता ने राहुल-प्रियंका को किया अलर्ट
संयम लोढ़ा ने ट्वीट कर कांग्रेस नेतृत्व को आगाह किया है कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के 10 विधायकों को तोड़ने की कोशिश में है।
गांधीनगर, 20 मार्च: हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद भी कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जहां पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा लेते हुए संगठन में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं, वहीं गुजरात से पार्टी के लिए एक बुरी खबर है। दरअसल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के सलाहकार संयम लोढ़ा ने ट्वीट कर कांग्रेस नेतृत्व को आगाह किया है कि भारतीय जनता पार्टी गुजरात में कांग्रेस के 10 विधायकों को तोड़ने की कोशिश में है।
Recommended Video

संयम लोढ़ा के ट्वीट से चढ़ा सियासी पारा
आपको बता दें कि गुजरात में इसी साल के आखिर में विधानसभा के चुनाव होने हैं और ऐसे में संयम लोढ़ा के इस ट्वीट ने कांग्रेस नेतृत्व की परेशानियों को बढ़ा दिया है। संयम लोढ़ा ने अपने ट्वीट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस पार्टी और गुजरात कांग्रेस को टैग करते हुए लिखा है, 'गुजरात विधानसभा चुनाव 2022... भाजपा कांग्रेस के दस विधायकों पर डोरे डाल रही है। स्वस्थ रहें, सतर्क रहें।'

'गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष को 20 दिन पहले बता दिया था'
राजस्थान की सिरोही विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक संयम लोढा ने बताया कि उन्होंने इस बारे में कांग्रेस नेतृत्व के अलावा गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष रघु शर्मा को भी जानकारी दे दी है। संयम लोढा ने बताया, 'मैंने कांग्रेस पार्टी को आगाह कर दिया है। मुझे अपने सूत्रों से पक्की खबर मिली है कि भाजपा गुजरात में कांग्रेस के 10 विधायकों को तोड़ने की फिराक में है। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष रघु शर्मा को मैंने इस बारे में 20 दिन पहले ही बता दिया था। लेकिन...उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद मैंने अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी इस बात की जानकारी दी है।'

'हम भाजपा विरोधी हैं, आगाह करना हमारी जिम्मेदारी'
संयम लोढा ने आगे कहा, 'अगर इतना कुछ बताने के बाद भी आपकी नींद नहीं खुलती तो फिर जो मैंने कहा, वो होना तय है। हम भाजपा विरोधी हैं और इसलिए ये हमारी जिम्मेदारी है कि अगर हमें कुछ ऐसा पता चलता है तो हम आपको आगाह करें।' आपको बता दें कि 2020 में भी गुजरात में कुछ ऐसी ही सियासी हलचल मची थी, जब राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के आठ विधायकों ने इस्तीफा दिया था, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए।
ये भी पढ़ें- पैसे लेकर बेची गईं सीटें..RLD प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए अपने पद से दिया इस्तीफा











Click it and Unblock the Notifications