ओवैसी ने जब पत्नी को बताई गोली चलने की बात, तो उन्हें लगा डिनर पर ना ले जाने का नया बहाना
नई दिल्ली, 05 फरवरी। पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों के प्रचार-प्रसार में लगी हुई हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मेरठ में कार्यक्रम से दिल्ली लौट रहे एआईएमआईएम नेता और लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी पर बीते गुरुवार अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई। गनीमत रही कि ओवैसी उस दौरान अपनी कार में मौजूद थे और गोली उन्हें छू नहीं सकी। उधर, पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। असदुद्दीन ओवैसी ने अपने ऊपर हुए हमलों को राजनीतिक साजिश करार दिया है।
Recommended Video

पत्नी से किया था डिनर का वादा
जिस दिन असदुद्दीन ओवैसी पर हमला हुआ, उसी रात उन्होंने दिल्ली में रह रहीं अपनी पत्नी से वादा किया था कि वो उन्हें बाहर डिनर पर ले जाएंगे। इसके लिए ओवैसी ने अपनी पत्नी से खास तौर पर दिल्ली में रहने के लिए कहा था। हालांकि जब वह अपने आवास पर पहुंचे और पत्नी को घटना के बारे में बताया तो उन्हें लगा ओवैसी डिनर पर नहीं जाना चाहते इसलिए मनगढ़ंत कहानी सुना रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमले की शाम जब ओवैसी अपनी आवास पर पहुंचे तो उनकी पत्नी डिनर के लिए बिल्कुल तैयार उनका इंतजार कर रही थीं।

पत्नी को नहीं हुआ ओवैसी की बात पर यकीन
असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी पत्नी को तुरंत गोलीबारी की जानकारी दी और बताया कि वह कितनी मुश्किलों का सामना करके जिंदा घर लौटे हैं। हालांकि एआईएमआईएम के प्रमुख की पत्नी को उनकी बात पर बिल्कुल विश्वास नहीं हुआ और उन्हें लगा कि डिनर पर न ले जाने के लिए ये एक 'नई कहानी' है। पत्नी के न मानने पर उन्होंने टीवी ऑन करने को कहा, लेकिन इसी बीच उनकी बेटी ने फोन किया और अपनी मां को पूरा घटना की जानकारी दी।

'बिवी की तिरछी नजर से बचना मुश्किल'
बेटी की बात सुन ओवैसी की पत्नी को एहसास हुआ कि उनके पति सच बोल रहे हैं। इस पर असदुद्दीन ओवैसी ने मजाकिया लहजे में कहा, 'गोली से बच गया, लेकिन बिवी की तिरछी नजर से बचना मुश्किल है।' आपको बता दें कि काफिले पर हुए जानलेवा हमले के बाद केंद्र सरकार ने उन्हें 'Z' कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला किया, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया कि 'मुझे मौत का डर नहीं है। मुझे ‘Z' कैटेगरी की सुरक्षा नहीं चाहिए, मैं इससे इनकार करता हूं'।
यह भी पढ़ें: फायरिंग की घटना के बाद ओवैसी ने ठुकराई Z श्रेणी सुरक्षा, कहा- मौत से डर नहीं लगता












Click it and Unblock the Notifications