फायरिंग की घटना के बाद ओवैसी ने ठुकराई Z श्रेणी सुरक्षा, कहा- मौत से डर नहीं लगता
नई दिल्ली, 04 फरवरी: उत्तर प्रदेश में गुरुवार को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर हुए हमले के बाद पूरे देश में राजनीति पारा चढ़ा हुआ है। अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी देते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने बताय था कि मैं किठौर (मेरठ) में एक चुनावी कार्यक्रम के बाद दिल्ली जा रहा था। छिजारसी टोल प्लाजा के पास 2 लोगों ने मेरी गाड़ी पर 3-4 राउंड गोलियां चलाईं। वे कुल 3-4 लोग थे। मेरी गाड़ी के टायर पंक्चर हो गए, मैं दूसरी गाड़ी में वहां से निकला।

वहीं इस घटना पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने ऑफिशियल बयान जारी करते हुए बताया कि असदुद्दीन ओवैसी के हमलावरों (एक गिरफ्तार, दूसरा हिरासत में लिया गया) से पूछताछ जारी है। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के हिंदू विरोधी बयानों से आहत होकर ये हमला किया। इस घटना के बाद पूरे देश में राजनीतिक माहौल गर्म है। वहीं भारत सरकार ने AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी की सुरक्षा की समीक्षा की और उन्हें तत्काल प्रभाव से सीआरपीएफ की जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
मैं सिक्योरिटी नहीं लूंगा: ओवैसी
जिस पर अब लोकसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मैं सिक्योरिटी नहीं लूंगा। मुझे z कैटेगरी सिक्योरिटी नहीं चाहिए, मुझे A कैटेगरी का शहरी बनाइए ताकि मेरी और आपकी जिंदगी बराबर हो। यूपी की जनता गोली चलाने वालों का जवाब बैलेट से देगी, नफरत का जवाब मोहब्बत से देगी।
घटना पर संसद में जवाब देंगे गृह मंत्री
लोकसभा में अपने भाषण में औवैसी ने आगे कहा कि मैं सरकार से अपील करता हूं कि मुझे z कैटेगरी सिक्योरिटी नहीं चाहिए। मैं आजाद जिंदगी गुजारना चाहता हूं। मुझे अपनी आवाज उठाना है, सरकार किसी की भी हो उनके खिलाफ बोलना है। अगर गोली लगती है तो मुझे कबूल है। इधर, उत्तर प्रदेश में हुई ओवैसी की कार पर फायरिंग की घटना पर 7 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में विस्तृत जवाब देंगे।
Recommended Video
'मुझे मारने की धमकी दी गई'
वहीं संसद से बाहर आने के बाद मीडिया के बात करते हुए ओवैसी ने अपने ऊपर हुए हमले को लेकर कहा कि उनके शूटर कई लोग हैं। प्रयागराज में हाल ही में एक तथाकथित 'धर्म संसद' आयोजित की गई, जहां लोगों ने खड़े होकर मुझे मारने की बात कही। सरकार इन तत्वों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?












Click it and Unblock the Notifications