इंजीनियरिंग छोड़ सियासत में आए निशांत कुमार-दीपक प्रकाश, बिना चुनाव लड़े बने मंत्री, अब लड़ेंगे MLC इलेक्शन?
Bihar MLC Elections 2026: बिहार की राजनीति में इन दिनों विधान परिषद चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। नई सरकार बनने के बाद अब उन नेताओं पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, जो मंत्री तो बन गए हैं लेकिन अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। स्वास्थ्य मंत्री बने निशांत कुमार (Nishant Kumar)और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) नेता दीपक प्रकाश (Deepak Prakash) का नाम इस सूची में सबसे आगे है।
माना जा रहा है कि NDA दोनों नेताओं को जल्द ही विधान परिषद भेज सकती है। चुनाव आयोग मई के आखिरी हफ्ते में 10 सीटों पर चुनाव की घोषणा कर सकता है। इसी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने स्तर पर रणनीति तैयार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक NDA इस बार संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने के फॉर्मूले पर काम कर रही है, जिसमें कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है।

निशांत कुमार को विधान परिषद भेजने की तैयारी
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) को लेकर जदयू के अंदर चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें विधान परिषद भेज सकती है। निशांत ने 8 मार्च 2026 को जदयू की सदस्यता ली थी और महज दो महीने के भीतर ही उन्हें सम्राट सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी मिल गई।
ये भी पढ़ें: Deepak Prakash Wife: कौन हैं दीपक प्रकाश की पत्नी? रिटायर्ड IAS की बेटी कैसे बनी बिहार की बहू?
राजनीति में आने के बाद निशांत लगातार सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वे बिहार में सद्भावना यात्रा निकाल रहे हैं और राज्य के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं। जदयू कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी सक्रियता को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी के अंदर उन्हें नई पीढ़ी के बड़े चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है।
इंजीनियरिंग पढ़ चुके हैं निशांत
निशांत कुमार लंबे समय तक राजनीति से दूर रहे थे। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और अब धीरे-धीरे राजनीतिक कार्यक्रमों में खुलकर हिस्सा ले रहे हैं। हाल के दिनों में वे कई सार्वजनिक मंचों पर नजर आए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि निशांत संगठन के साथ-साथ सामाजिक पकड़ मजबूत करने पर भी फोकस कर रहे हैं।
फिलहाल वे न विधायक हैं और न ही विधान परिषद सदस्य। ऐसे में संवैधानिक नियमों के तहत उन्हें तय समय के भीतर किसी सदन का सदस्य बनना होगा। इसी वजह से उनका विधान परिषद जाना लगभग तय माना जा रहा है।
दीपक प्रकाश का नाम भी आगे
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता दीपक प्रकाश (Deepak Prakash) का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। वे हाल ही में दूसरी बार बिहार सरकार में मंत्री बने हैं। फिलहाल वे भी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, लेकिन NDA उन्हें विधान परिषद भेजने की तैयारी में है।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें RLM की ओर से एकमात्र मंत्री के रूप में शपथ दिलाई थी। राजनीतिक गलियारों में इसे उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को NDA में मजबूत हिस्सेदारी देने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
दीपक भी हैं इंजिनियर
वैशाली जिले के महनार प्रखंड क्षेत्र में साल 1989 में जन्मे दीपक प्रकाश ने सिक्किम मणिपाल यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उन्होंने करीब चार साल तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम किया।
इसके बाद उन्होंने स्वरोजगार का रास्ता चुना और फिर राजनीति में सक्रिय हो गए। साल 2019-20 से वे लगातार राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने संगठन के अंदर अपनी अलग पहचान बनाई है।
Bihar MLC Election 2026: 10 सीटों पर होगा चुनाव
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें 9 सीटें 28 जून को खाली हो रही हैं, जबकि एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव आयोग मई के आखिरी हफ्ते में इसकी घोषणा कर सकता है। जदयू कोटे से गुलाम गौस, भीष्म साहनी, कुमुद वर्मा और भगवान सिंह कुशवाहा की सीटें खाली हो रही हैं। वहीं भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी और संजय मयूख का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
इसके अलावा RJD की तरफ से मोहम्मद फारूक और सुनील कुमार की सीटें खाली हो रही हैं। कांग्रेस नेता समीर कुमार सिंह का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है।
NDA में सीट बंटवारे पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक NDA के अंदर सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार बातचीत चल रही है। भाजपा और जदयू के अलावा एक सीट चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को भी मिल सकती है। इसे लेकर सहयोगी दलों के बीच मंथन जारी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस चुनाव के जरिए NDA सरकार संगठन और सहयोगी दलों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करेगी। यही वजह है कि इस बार कई नए और युवा चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Bihar Cabinet: नीतीश कुमार के बेटे निशांत सहित 3 पूर्व CM के बेटों ने ली शपथ, कौन हैं ये युवा चेहरे?












Click it and Unblock the Notifications