दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज तिहाड़ जेल में करेंगे सरेंडर
लोकसभा चुनाव समाप्त हो चुके हैं। सभी सात चरण के मतदान खत्म होने के बाद आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केरीवाल वापस तिहाड़ जेल जाएंगे। उनकी अंतरिम जमानत की मियाद आज खत्म हो रही है।
अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले में आरोपी है, उन्हें ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद कोर्ट ने केजरीवाल को जेल भेज दिया। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दी थी, लेकिन आज वापस उन्हें सरेंडर करना होगा।

सीएम केजरीवाल ने दिल्ली कोर्ट में अपनी जमानत को एक हफ्ते आगे बढ़ाने की याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट इसपर 5 जून को सुनवाई करेगा, लिहाजा केजरीवाल को आज वापस जेल जाना होगा।
केजरीवाल ने ऐलान किया था कि वह 2 जून को दोपहर तीन बजे सरेंडर करेंगे। उन्होंने कहा था कि चुनाव के बाद 2 जून को मैं सरेंडर कर दूंगा। हम तानाशाही के खिलाफ लड़ रहे हैं, अगर मुझे देश के लिए अपने जीवन का बलिदान देना पड़े तो शोक मत मनाइएगा।
बता दें कि ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि केजरीवाल ने दिल्ली शराब घोटाले में अहम भूमिका निबाई है, उन्होंने शराब लाइसेंस के बदले घूस ली है। ईडी का दावा है कि आप ने 100 करोड़ रुपए लिए हैं, जिसका इस्तेमाल गोवा और पंजाब के चुनाव में किया गया।
आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और इस मामले में पूरी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। केजरीवाल ने कहा कि यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि मैं चुनाव प्रचार ना कर सकूं।
सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को 10 मई को जमानत दे दी थी ताकि वह चुनाव प्रचार कर सकें। जिसके बाद केजरीवाल ने कई रैलियां और रोड शो किए। गौर करने वाली बात है कि 4 जून को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। नतीजों से पहले जो ए्जिट पोल सामने आए हैं उसके अनुसार एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications