राजनीतिक रणभूमि बना काशी, केजरीवाल ने किया मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान

केजरीवाल ने कहा कि अगर मोदी बहस करने के लिए नहीं आते हैं तो इसका मतलब है कि दाल में कुछ काला है। उसके बाद अरविंद केजरीवाल ने वाराणसी रैली में नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी पर सीधे और तीखे वार किए। फिर केजरीवाल ने रैली में मौजूद लोगों से दो बार पूछा कि क्या मुझे वाराणसी से नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहिए? रैली में समर्थकों की हां के साथ ही केजरीवाल ने मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।
अपने भाषण में केजरीवाल ने कहा कि मैं वाराणसी में लोगों को यह बताने आया हूं कि राहुल और मोदी, दोनों अंबानी-अडानी के एजेंट हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी शख्स ने अंबानी के खिलाफ बोलने का साहस किया है। केजरीवाल ने सभा में अंबानी और अडानी के बैंक अकाउंट नंबर को भी सार्वजनिक किया और चुनौती दी कि मोदी काला धन वापस लाने का वादा करते हैं। वह अपना वादा निभाए। केजरीवाल ने कहा कि मोदी ने गैस को लेकर लिखी गई मेरी चिट्ठी का जवाब नहीं दिया। बीजेपी और कांग्रेस गैस के दाम पर दोनों चुप हैं।
केजरीवाल ने कहा, एक अप्रैल से गैस के दाम बढ़ने वाले थे लेकिन निर्वाचन आयोग की पहल पर गैस के दाम नहीं बढ़े। आप नेता ने कहा कि गैस के दाम यदि बढ़ जाते तो खाने-पीने से लेकर सभी वस्तुएं महंगी हो जाती। केजरीवाल ने कहा कि वह वाराणसी के उद्योगपतियों एवं बुनकरों से बात करने आए हैं। केंद्र में अगर भाजपा की सरकार बनी तो देश में एफडीआई लागू हो जाएगी। केजरीवाल ने रैली में लोगों से अपील की कि वे इस बार के चुनाव में नरेंद्र मोदी और राहुल को हरा दें। इससे नई क्रांति का जन्म होगा।












Click it and Unblock the Notifications