PoK में एयर स्ट्राइक के बाद अरविंद केजरीवाल ने टाला अपना अनशन
नई दिल्ली।पीओके में बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना के हमले के बाद पाकिस्तान में विपक्षी दल इमरान खान की सरकार को घेरने में जुटी है तो दूसरी तरफ भारत में विपक्षी दलों ने एकजुटता का परिचय दिया है। पीओके में एयर स्ट्राइक के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूर्ण राज्य की मांग के लिए अपने उपवास को टाल दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, भारत-पाक के बीच ताजा हालात को देखते हुए वे अपना उपवास स्थगित कर रहे हैं और इस वक्त वह देश के साथ खड़े हैं। इसके पहले, पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 1 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया था।
वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए 1 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने के फैसले पर शीला दीक्षित ने हैरानी जताई थी। पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष दीक्षित ने कहा था कि ये तो फैसला सिर्फ संसद कर सकती है, ऐसे में समझ से परे है कि केजरीवाल यह सब क्यों कर रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल ने 1 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया था और कहा था कि दिल्ली के साथ 70 सालों से अन्याय हो रहा है। ऐसे में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना जरूरी है और पूरी दिल्ली में आंदोलन की जरूरत है। इस बार आंदोलन दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाए जाने के बाद ही खत्म होगा।
इसके पहले, आम आदमी पार्टी की ओर से बताया गया था कि उपवास स्थल को ही कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और वहीं से सरकार के जरूरी काम होंगे। 1 मार्च को सुबह 10 बजे से उपवास शुरू होना था।












Click it and Unblock the Notifications