केदारनाथ के बाद अब अरुणाचल में सेना का हेलीकॉप्टर रुद्र क्रैश, 4 की मौत
अरुणाचल प्रदेश में बड़ा हादसा सामने आया है, यहां सियांग में सेना का हेलीकॉप्टर रुद्र क्रैश हो गया है। जानकारी के अनुसार यह हेलीकॉप्टर सिंगिंग गांव के पास क्रैश हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार टूटिंग हेडक्वार्टर से घटनास्थल 25 किलोमीटर दूर है। गुवाहाटी डिफेंस के प्रवक्ता की ओर से इस हादसे की जानकारी देते हुए कहा गया कि हेलीकॉप्टर टूटिंग से तकरीबन 25 किलोमीटर की दूरी पर क्रैश हो गया। जहां पर यह हादसा हुआ है वह जगह सड़क मार्ग से जुड़ी नहीं है। घटना स्थल पर राहत और बचाव की टीम पहुंच गई है। भारतीय सेना की ओर से इस हादसे के बारे में जानकारी दी गई है। भारतीय सेना ने बताया कि इस हादसे में घटनास्थल से 4 शव को बरामद किया जा चुका है। बाकी के शव की तलाश हो रही है।

जानकारी के अनुसार सेना का हेलीकॉप्टर रुद्र हादसे का शिकार हुआ है, जिसकी तलाश की जा रही है। बता दें कि इस हेलीकॉप्टर को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने भारतीय सेना के लिए तैयार किया था। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि यह हादसा किस वजह से हुआ है। हेलीकॉप्टर में कितने लोग सवार थे, इसकी भी अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
जहां पर हादसा हुआ है वहां चारो ओर घना जंगल है, वहां सड़क नहीं है। यही वजह है कि राहत और बचाव काम में थोड़ी दिक्कत हो रही है। यह जगह अधिकतर सेना के नियंत्रण में है, आम लोगों की आबादी यहां काफी कम है। बता दें कि इससे पहले तवांग में सेना का चीता हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, हादसे में पायलट शहीद हो गए थे।
गौर करने वाली बात है कि इससे पहले उत्तराखंड के केदारनाथ में एक प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस हादसे में पायलट समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि यह हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ था, हालांकि अभी तक इस बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। डीजीसीए ने इस हादसे की जांच का आदेश दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications