3 महीने बाद काम पर लौटे जेटली से कुछ खास लोग ही मिल पाएंगे, वो भी खास तरह से
नई दिल्ली। पूरे तीन महीने के बाद केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने वित्त मंत्रालय और कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय का कार्यभार आज संभाल लिया है, आपको बता दें कि किडनी ट्रांसप्लांट की वजह से जेटली तीन महीने तक कामकाज से दूर थे। हालांकि अभी भी उन्हें काफी अपना ध्यान रखना होगा और इसी वजह से उनके दफ्तर में आने-जाने वाले लोगों के लिए भी कुछ सख्त नियम बनाए गए हैं।

जेटली के दफ्तर में बहुत कम लोगों को आने की इजाजत
जेटली के दफ्तर में बहुत कम लोगों को आने की इजाजत है और अरूण जेटली से केवल चुनिंदा लोग ही मिल पाएंगे। जेटली के साथ 24 घंटे उनके निजी कर्मचारी रहेंगे। दरअसल इस वक्त जेटली को किसी भी संक्रमण से दूर रहने के लिए कहा गया है और उनका खान-पान सब-कुछ डॉक्टरों के बताए चार्ट के अनुसार चल रहा है। इसलिए जेटली को सार्वजनिक स्थानों पर कम से कम उपस्थित रहने को कहा गया है।

नीले रंग के प्लास्टिक के जूते पहनने होंगे
जेटली के ऑफिस ज्वाइन करने से पहले उनके ऑफिस में काफी चेंज किए गए हैं, ऑफिस को पूरी तरह से साफ-सुथरा किया गया है, यही नहीं जेटली से मिलने आने वालों को अस्पतालों में उपयोग होने वाले नीले रंग के प्लास्टिक के जूते पहनने होंगे और उनके ऑफिस में बाहर से खाने की चीज नहीं आएगी।

14 मई को किडनी का ऑपरेशन एम्स में हुआ था
आपको बता दें कि अरुण जेटली अप्रैल माह से ऑफिस नहीं आ रहे थे, उनका 14 मई को किडनी का ऑपरेशन एम्स में हुआ था। अरुण जेटली की अनुपस्थिति में रेल मंत्री पीयूष गोयल उनके विभाग का जिम्मा संभाल रहे थे। मालूम हो कि अरुण जेटली का 2014 में भी भाजपा सरकार के बनने के बाद भी ऑपरेशन हुआ था। जेटली को मधुमेह की समस्या है, जिसकी वजह से उन्हें इस ऑपरेशन से गुजरना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications