अफगानिस्तान में मौजूद करीब 300 सिख हैं एकदम सुरक्षित, अपहरण की खबर झूठी है- मनजिंदर सिंह सिरसा
नई दिल्ली, अगस्त 21। अफगानिस्तान में आए तालिबानी संकट के बीच वहां फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। इस बीच शनिवार को खबर आई कि तालिबान ने कई सिखों समेत 150 लोगों को अगवा कर लिया है। इनमें भारतीयों की संख्या अधिक होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन दिल्ली में सिख गुरुद्वार प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपहरण की बातों को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा है कि अफगानिस्तान में गुरुद्वारा परिसर में मौजूद करीब 300 सिख सुरक्षित हैं, उनके अपहरण की खबर झूठी है।

सिख और हिंदुओं को नहीं चढ़ने दिया गया विमान पर?
आपको बता दें कि अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा होने के बाद वहां भारतीयों को अपनी जान का खतरा लग रहा है। वहां फंसे भारतीय लगातार सोशल मीडिया के जरिए भारत सरकार से मदद की अपील कर रहे हैं। इन सबके बीच शनिवार को ये खबर आई थी कि अफगानिस्तान में सिखों और हिंदुओं को भारतीय वायुसेना के विमान पर चढ़ने से रोक दिया गया। वे शुक्रवार से एयरपोर्ट के बाहर इंतजार कर रहे थे। हालांकि उन्हें बाद में काबुल एयरपोर्ट से वापस भेज दिया गया।
सिखों ने गुरुद्वारे में ली हुई है शरण
विश्व पंजाबी संगठन (डब्ल्यूपीओ) के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि तालिबान ने सिखों को भारतीय वायुसेना के विमान में चढ़ने से रोक दिया और कहा कि चूंकि वो अफगानी हैं तो उन्हें काबुल एयरपोर्ट से वापस चले जाना चाहिए। अब वो सभी सिख सुरक्षित रूप से गुरुद्वारा दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह में शरण लिए हुए हैं।
Recommended Video
हरदीप पुरी ने भी सिखों को लाने का दिलाया था भरोसा
आपको बता दें कि इसी हफ्ते के शुरुआत में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि काबुल में गुरुद्वारे में शरण लेने वाले सिखों से भारतीय अधिकारी लगातार संपर्क में हैं और उन्हें जल्द ही भारत लाया जाएगा। पुरी ने कहा था, 'हम सिख नेताओं और अफगानिस्तान के लोगों के संपर्क में हैं। उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाया जाएगा।' बीजेपी सांसद हंसराज हंस ने केंद्रीय मंत्री से कहा था कि काबुल में 250 सिख काबुल के पास गुरुद्वारे में शरण लिए हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाए।












Click it and Unblock the Notifications