नोए़़डा DM के बाद अब CMO पर गिरी गाज, हटाए गए अनुराग भार्गव
लखनऊ। यूपी के नोएडा में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रशासनिक लापरवाही की बात सामने आने के बाद जिलाधिकारी बीएन सिंह के बाद अब मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को हटा दिया गया। बुधवार देर रात राज्य सरकार ने जिले के चीफ मेडिकल ऑफिसर अनुराग भार्गव को हटाने के निर्देश जारी किया है। बता दें कि, गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस संक्रमण के छह और मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 45 हो गई है।

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने पत्र जारी करते हुए लिखा कि प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के संयुक्त निदेशक ग्रेड के चिकित्साधिकारी डॉ. एपी चुतर्वेदी को तात्कालिक प्रभाव से गौतम बुद्ध नगर का सीएमओ नियुक्त किया जाता है। वह डॉ. अनुराग भार्गव का स्थान लेंगे। जबकि भार्गव को शासन द्वारा गौतम बुद्ध नगर के नामित नोडल अधिकारी नरेंद्र भूषण (मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा, गौतम बुद्ध नगर) के साथ उनके कार्यों में सहयोग प्रदान करने हेतु अटैच किया जाता है। साथ ही पत्र में कहा गया है कि डॉ. भार्गव तत्काल अपना प्रभार डॉ. एपी चतुर्वेदी को हस्तगत करें।

बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली फटकार के बाद नोएडा के जिलाधिकारी (डीएम) बीएन सिंह का तबादला कर दिया गया था। उनकी जगह सुहास एलवाई को जिले की कमान सौंपी गई। उन्हें अब लखनऊ में राजस्व विभाग में भेजा गया है। वहीं उन पर विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।
आपको बता दें कि यूपी में इस वक्त सबसे अधिक 45 पॉजिटिव केस नोएडा से हैं। जबकि यहां सीजफायर कंपनी की वजह से कोरोना वायरस का संक्रमण फैला है। इसी बात से सीएम योगी अधिकारियों से खफा थे और उन्होंने कोताही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications