'आधा कर दूंगा दान', पुराने कागजों में छिपा खजाना तो शख्स ने दिखाया बड़ा दिल, 37 साल पुराने शेयर ने बदली किस्मत
Reliance Old Share: किस्मत कब बदल जाए, कोई नहीं जानता! कुछ ऐसा ही हुआ चंडीगढ़ के रतन ढिल्लों के साथ, जब घर की सफाई के दौरान उन्हें 37 साल पुराने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयर सर्टिफिकेट मिले। महज 300 रुपये का निवेश आज 18 लाख रुपये में बदल चुका है।
इस अनोखी घटना ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और दिलचस्प बात यह है कि रतन ढिल्लों ने अपनी इस खजाने का आधा हिस्सा दान करने का ऐलान कर दिया है। जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है।

दरअसल, रतन ढिल्लों को होली से ठीक पहले घर की सफाई के दौरान दो पुराने कागज मिले। जब उन्होंने ध्यान से देखा, तो पता चला कि ये शेयर सर्टिफिकेट हैं। वे शेयर बाजार की ज्यादा जानकारी नहीं रखते थे, इसलिए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर इस 11 मार्च को कागज की तस्वीरें पोस्ट कर लोगों से मदद मांगी।
पोस्ट के वायरल होते ही हजारों यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी, और विशेषज्ञों ने बताया कि उनके परिवार ने 1987 और 1992 के बीच कुल 30 RIL शेयर खरीदे थे। उस समय इनकी कीमत मात्र 10 रुपये प्रति शेयर थी यानी कुल निवेश 300 रुपये का था।
Reliance Old Share: कैसे बढ़ी शेयर की कीमत?
विशेषज्ञों ने बताया कि पिछले 37 वर्षों में RIL के शेयरों में तीन बार स्प्लिट (Split) और दो बार बोनस इश्यू हुआ है। इस प्रक्रिया में शेयर की संख्या बढ़ती गई, और मौजूदा तारीख तक ढिल्लों के पास 960 शेयर हो गए।
अगर आज के RIL के शेयर प्राइस से इसे गुणा किया जाए, तो कुल वैल्यू लगभग 18 लाख रुपए बनती है। शुरुआत में कुछ लोगों ने इसे 12 लाख रुपए बताया था, लेकिन सरकारी संस्था IEPFA (Investor Education and Protection Fund Authority) ने सही आंकड़ा 18 लाख रुपए कंफर्म किया।
Reliance Old Share: 'आधा पैसा करूंगा दान' - रतन ढिल्लों
रतन ढिल्लों ने अपनी इस किस्मत पर हैरानी जताते हुए कहा कि ये उनके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि इस रकम का आधा हिस्सा यानी 9 लाख रुपये वे दान कर देंगे। उन्होंने कहा, "मैं शेयर बाजार का जानकार नहीं हूं, इसलिए सोशल मीडिया पर इसे पोस्ट किया। कुछ लोगों ने मदद की, कुछ ने गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन IEPFA ने सही रास्ता दिखाया। अब मैं भी दूसरों को गाइड करना चाहता हूं कि वे अपने पुराने शेयर कैसे रिक्लेम कर सकते हैं।"
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ, मजेदार रिएक्शन भी आए
जब उन्होंने आधा पैसा दान करने की बात कहीं तो एक यूजर ने लिखा कि यह जागरूकता बढ़ाने का एक बेहतरीन उदाहरण है, और यह बहुत बढ़िया है कि आपको IEFPA से भी समर्थन मिला। 50% दान एक अद्भुत इशारा है - बहुत बढ़िया!
वहीं मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, "भाई, आपकी तो लॉटरी लग गई!" दूसरे ने मजाक में कहा, "अब घर में और अच्छे से छानबीन करो, क्या पता MRF के भी कुछ शेयर मिल जाएं!" ऐसे ही एक और यूजर बोला, "रतन भाई, अब क्या नए घर की तलाश शुरू कर दी?"
अगर आपके पास भी पुराने शेयर हैं, तो क्या करें?
अगर आपके पास भी पुराने फिजिकल शेयर सर्टिफिकेट हैं, तो आप इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं.
- IEPFA पोर्टल पर जाएं और अपने शेयर की उपलब्धता चेक करें।
- अपनी पहचान प्रमाणित करें - आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक डिटेल्स अपलोड करें।
- शेयर ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करें - कंपनी के रजिस्ट्रार या डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट (DP) से संपर्क करें।
- अगर शेयर IEPFA में ट्रांसफर हो चुके हैं, तो क्लेम फाइल करें।












Click it and Unblock the Notifications