Bihar News: ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की शुरुआत, 1.15 लाख से ज्यादा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण और शिक्षा पर जोर
बिहार ने पोषण, टीकाकरण की निगरानी और प्रारंभिक शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को सम्मानित किया जाता है, और इसका उद्देश्य 1.15 लाख से अधिक केंद्रों में सुविधाओं और सामुदायिक भागीदारी में सुधार करना है।
पटना, 29 सितंबर 2026: बिहार में आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्यव्यापी ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को फुलवारीशरीफ उच्च विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-137 में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्य के सभी 1,15,064 आंगनबाड़ी केंद्रों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों, सेविका और लाभार्थियों से बातचीत की और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों ने मुख्यमंत्री के सामने कविता प्रस्तुत की और अपना परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनके बीच मिठाइयां वितरित कीं।
मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग और समेकित बाल विकास सेवाएं निदेशालय की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। उन्होंने महिलाओं की गोदभराई की और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा दीदी सम्मानित
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा दीदी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। लाभार्थियों के बीच पौष्टिक किट भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने ‘सुपोषित बचपन की रसोई’ नामक पुस्तिका का विमोचन भी किया।
लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। लाभार्थियों ने बताया कि योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग पोषण, खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किया जा रहा है।
लाभार्थियों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का टीकाकरण, वजन और लंबाई की नियमित निगरानी तथा पोषण संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान एक लाभार्थी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए खिलौनों की सुविधा को और बेहतर करने का सुझाव दिया।
‘सुपोषित बचपन’ पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ रखना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा एवं पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है। उन्होंने लाभार्थियों और स्थानीय लोगों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं में सुधार को लेकर सुझाव देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रसव पूर्व और प्रसव उपरांत माताओं तथा बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अपना भवन नहीं है, वहां भवन निर्माण की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।
बच्चों को नियमित पौष्टिक भोजन और दूध उपलब्ध कराने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन, फल और दूध उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने गांव के सभी छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बच्चों के मजबूत होने से राज्य और देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका सेवा भाव के साथ बच्चों एवं परिवारों के लिए काम कर रही हैं। राज्य में करीब 1,15,000 आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका बच्चों और परिवारों की सेवा में लगी हैं।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम जारी रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को समझने और उनमें आवश्यक सुधार के लिए सुझाव प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक श्याम रजक, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, विभाग की निदेशक डॉ. प्रीति, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहे।


Click it and Unblock the Notifications
