'जब तक आतंक पर लगाम नहीं, तब तक पाक के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं', अनंतनाग एनकाउंटर के बाद बोले खेल मंत्री
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने साफ कर दिया है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाता, तब तक भारतीय क्रिकेट टीम उसके साथ कोई द्विपक्षीय मैच नहीं खेलेगी। इसके अलावा उन्होंने अनंतनाग हमले की निंदा की है।
दरअसल हाल ही में अनंतनाग एनकाउंटर में भारत के तीन जांबाज अधिकारी शहीद हो गए। इसके अलावा कई जवान घायल भी हुए हैं। ये हमला पाकिस्तान की शह पर आतंकी संगठन लश्कर के द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने किया। जिससे फिर से भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर चर्चा शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर लोग भारत-पाकिस्तान के बीच हर तरह के मैच रद्द करने की मांग कर रहे।

मामले में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब तक हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान आतंकवाद को खत्म नहीं कर देता, तब तक उसके साथ कोई द्विपक्षीय क्रिकेट मैच नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने भी पहले ही इसको लेकर फैसला ले लिया था, जो बरकरार रहेगा। उनके मुताबिक ये भारतीय नागरिकों की भावनाओं के अनुरूप है।
हालांकि आईसीसी द्वारा आयोजित टूर्नामेंट जैसे- वर्ल्ड कप, एशिया कप, जिसमें पाकिस्तान की टीम खेल रही, उसमें भारत हिस्सा लेगा। ये रोक सिर्फ भारत और पाकिस्तान के बीच सीधे मैच पर है।
राजीव शुक्ला ने भी किया विरोध
वहीं बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का भी यही स्टैंड है। उन्होंने कहा कि हम अनंतनाग एनकाउंटर में जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त करते हैं। क्रिकेट की बात करें, तो हम पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रहे, ये फैसला आगे भी बरकरार रहेगा।
एशिया कप से बाहर हुआ पाकिस्तान
इन दिनों एशिया कप चल रहा, जिसके फाइनल में पहले ही भारत की एंट्री हो चुकी है। कयास लगाए जा रहे थे कि पाकिस्तान के साथ भारत का फाइनल मैच हो सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पाकिस्तान श्रीलंका से सुपर 4 में 2 विकेट से हार गया। इसके साथ ही वो एशिया कप से बाहर हो गया। अब दोनों टीमें वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी।












Click it and Unblock the Notifications