अमृता ने PM मोदी को बताया नए भारत का राष्ट्रपिता, कहा-'महात्मा गांधी पुराने भारत के'
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता ने पीएम मोदी को नए भारत का राष्ट्रपिता बताया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी पुराने भारत के राष्ट्रपिता हैं।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने पीएम नरेंद्र मोदी को "राष्ट्रपिता" बताया है। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि महात्मा गांधी कौन हैं तो उन्होंने कहा कि वे भी राष्ट्रपिता हैं, लेकिन नए भारत के राष्ट्रपिता पीएम मोदी हैं। दरअसल, इस सप्ताह नागपुर में एक लेखक संघ की तरफ से एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी भी पहुंचीं थीं।
इस दौरान उन्होंने एक इंटरव्यू भी दिया और पीएम मोदी को राष्ट्रपिता बता दिया। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि महात्मा गांधी क्या होंगे? इस पर अमृता ने जवाब देते हुए कहा कि हमारे देश के दो राष्ट्रपिता हैं। महात्मा गांधी पुराने समय के राष्ट्रपिता हैं, जबकि पीएम मोदी नए भारत के राष्ट्रपिता हैं। आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब अमृता फडणवीस ने पीएम मोदी को राष्ट्रपिता बताया है।
इससे पहले भी पीएम मोदी को कह चुकीं हैं राष्ट्रपिता
इससे पहले 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन पर भी उन्होंने उन्हें राष्ट्रपिता बताया था। इसको लेकर उन्होंने एक ट्वीट भी किया था। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि जन्मदिन की बधाई राष्ट्रपिता नरेंद्र मोदी जी। आप हम सबको समाज के विकास के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उस वक्त भी उनके बयान पर सियासत गरमा गई थी।
उद्धव को कहा था कपटी राजा
अमृता अक्सर बयानों की वजह से चर्चा में रहती हैं। इससे पहले जब प्रदेश में महाविकास अघाड़ी गठबंधन की सरकार थी, तो उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को "एक 'था' कपटी राजा... (एक बार एक दुष्ट राजा था) कह दिया था। हालांकि बाद उन्होंने यह ट्वीट डिलीट कर दिया था। आपको बता दें कि इस साल जून में महाविकास अघाड़ी गठबंधन की सरकार गिर गई थी। जिसके बाद प्रदेश में एकनाथ शिंदे गुट ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है। वहीं, अमृता के पति देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- ं 'बोलने से पहले पूछ लेना था', मलाइका अरोड़ा के मजाक से आगबबूला हुईं बहन अमृता अरोड़ा, शो में हुआ दोनों का झगड़ा












Click it and Unblock the Notifications