कांग्रेस की महिला ब्रिगेड ने बोला मोदी-शाह पर हमला, SC से जांच कराने की मांग

कांग्रेस ने नरेन्द्र मोदी को घेरने के लिये अपनी महिला ब्रिगेड को उतार दिया है। राजधानी दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर कांग्रेस की चार महिला नेता गिरिजा व्यास, जयंती नटराजन, रीता बहुगुणा जोशी और शोभा ओझा उपस्थित थीं। इन चारों नेताओं ने एक के बाद भारतीय जनता पार्टी, नरेन्द्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधा। गिरिजा व्यास ने गुजरात सरकार पर कानून की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है।
कांग्रेस ने कहा है कि इस मामले के दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि गैर कानूनी तरीके से लड़की का पीछा क्यों किया गया आखिर इस निगरानी के लिए कहां से पैसा आया, लड़की की निगरानी का मकसद क्या था, निगरानी का मौखिक आदेश क्यों दिया गया पिता के कहने पर सीएम ने क्यों सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया, क्या जो आदमी लड़की की गैर-कानूनी निगरानी कराता हो उसे बड़ी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा है कि अगर मोदी के खिलाफ आरोप सही पाए गए तो उनके पास गुजरात की सत्ता में बने रहने और पीएम पद के उम्मीदवार के तौर पर खड़े होने की कोई मोरल अथॉरिटी नहीं रह जाएगी। वेबसाइट गुलेल और कोबरापोस्ट ने शुक्रवार को खुलासा किया था कि अमित शाह के आदेश पर गुजरात में एक युवती पर 62 दिनों तक अवैध रूप से सर्विलांस लगाया गया था। यह भी कहा गया था कि शाह ने यह आदेश किसी 'साहब' के इशारे पर दिया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह साहब कोई और नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी ही हैं।


Click it and Unblock the Notifications
