मिशन राजस्थान पर अमित शाह, क्रॉस वोटिंग पर करेंगे बात
राजस्थान बीजेपी में चल रही गुटबाजी को खत्म करने के लिये बीजेपी चीफ अमित शाह जयपुर पहुंचे हैं। जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया
नई दिल्ली। राजस्थान में बीजेपी विधायकों ने मीरा कुमार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की है जिसको लेकर केंद्रीय नेतृत्व चिंतित है। सूबे में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है ऐसे में विधायकों के मन में असंतोष पार्टी के लिए अच्छे संकेत नहीं है। इससे वसुंधरा सरकार की साख पर भी सवाल उठ रहे हैं। उधर बीजेपी चीफ अमित शाह मिशन राजस्थान पर जयपुर पहुंचे हैं।

राजस्थान बीजेपी में चल रही गुटबाजी को खत्म करने के लिये बीजेपी चीफ अमित शाह जयपुर पहुंचे हैं। जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अमित शाह यहां विधायकों, सांसदों और कुछ बीजेपी पदाधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि अगले साल के विधानसभा चुनाव और 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में चर्चा होगी। अमित शाह राजस्थान बीजेपी के अंदर चल रही गुटबाजी को भी खत्म करने की कोशिश करेंगे।
आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा के लिहाज से अमित शाह का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।अपने राजस्थान दौरे पर अमित शाह पार्टी के शीर्ष नेताओं से लेकर ब्लॉक स्तर के सदस्यों तक से मुलाकात करेंगे। मंत्रियों के साथ भी शाह की मैराथन बैठकें प्रस्तावित हैं।
इससे पहले वसुन्धरा राजे ने रामनाथ कोविंद को देश के 14 वें राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी थी। वसुंधरा ने राष्ट्रपति पद के लिए रामनाथ कोविंद की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications