क्या हैं वो 2 टारगेट, जिनसे अब नीतीश-लालू को पटखनी देने की तैयारी में अमित शाह
बिहार में एनडीए की सरकार गिरने और महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अब प्रदेश की राजनीति नया मोड़ लेती हुई नजर आ रही है।
नई दिल्ली, 24 सितंबर: बिहार में एनडीए की सरकार गिरने और महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अब प्रदेश की राजनीति नया मोड़ लेती हुई नजर आ रही है। नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने के बाद भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के पूर्णिया में रैली की और प्रदेश की नीतीश कुमार सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद अब खबर आई है कि भाजपा ने बिहार को लेकर एक बड़ा लक्ष्य तय किया है।

बिहार के लिए ये है भाजपा की प्लानिंग
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में 32 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। इसके अलावा एक बड़ी खबर यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद ही भाजपा 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम का भी ऐलान कर देगी।

'2024 में हो जाएगा नीतीश-लालू की जोड़ी का सूपड़ा साफ'
इससे पहले शुक्रवार को पूर्णिया में रैली करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया। अमित शाह ने कहा, 'नीतीश कुमार ने भाजपा की पीठ में छुरा भोंका है और अब वो कांग्रेस और आरजेडी की गोद में बैठकर प्रधानमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने की कोशिश में हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव की इस जोड़ी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। और, इसके बाद अगले साल ही विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बिहार के अंदर अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।'

जाति फैक्टर को लेकर क्या है भाजपा की राय
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के नेताओं को विश्वास है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जाति का फैक्टर काम नहीं करेगा और 2025 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें पूर्ण बहुमत मिलेगा। आपको बता दें कि पिछले महीने अगस्त में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए से नाता तोड़ते हुए महागठबंधन के साथ मिलकर अपनी नई सरकार का गठन किया। पिछले 9 साल में ऐसा दूसरी बार है, जब नीतीश कुमार एनडीए से अलग हुए हैं। एनडीए से अलग होते हुए जेडीयू ने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार में भी महाराष्ट्र वाला प्रकरण दोहराने वाली थी।












Click it and Unblock the Notifications