अमित शाह को रैली करने की इजाजत नहीं
कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को कोलकाता पुलिस ने रैली करने की इजाजत नहीं दी है। पुलिस ने भाजपा की उस अर्जी को नामंजूर कर दिया है जिसमें भाजपा ने 30 नवंबर को इस्पलैंड स्क्वायर पर रैली करने की इजाजत मांगी थी। गौरतलब है कि इसी जगह पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 21 जुलाई को साल की सबसे बड़ी रैली की थी।

वहीं कोलकाता पुलिस के इस फैसले पर भाजपा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस भेदभाव का रवैया अपना रही है। भाजपा के वैधानिक सलाहकार कौशिक चंद ने कहा कि वह इसके खिलाफ सोमवार को कोर्ट को दरवाजा खटखटायेंगे। वहीं कोलकाता पुलिस कमिश्नर का कहना है कि भाजपा कार्यालय की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं की रैली में कितने लोगों की भीड़ जुटने वाली है। वहीं उन्होंने कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था के बिगड़ने का भी हवाला दिया है।
गौरतलब है कि भाजपा ने विक्टोरिया हाउस के सामने रैली के लिए 22 जलाई, 16 अक्टूबर और 10 नवंबर को इजाजत मांगी लेकिन कोलकाता पुलिस ने इस पत्र का कोई जवाब नहीं दिया जिसक बाद भाजपा ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वहीं कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने भाजपा के सदस्यों के साथ 40 मिनट की मुलाकात की। जिसके बाद भाजपा को भेजे गये पत्र में रैली की इजाजत देने से मना कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications