भूस्खलन के बाद फिर रुकी अमरनाथ यात्रा, अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत
जम्मू। एक बार फिर से अमरनाथ यात्रा को खराब मौसम की मार सहनी पड़ी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अमरनाथ यात्रा को लगातार हो रही बारिश और फिसलन की वजह से पहलगाम और बालटाल में रोक दिया गया है और श्रद्धालुओं को राहत शिविरों में भेज दिया गया है। इससे एक दिन पहले बरसात के कारण बालटाल मार्ग पर भूस्खलन हुआ था, जिसकी वजह से यात्रा बाधित हुई थी, इस भूस्खलन की वजह से 5 श्रद्धालुओं की मौत भी हो गई थी।
लेकिन रात के बाद मौसम साफ हो गया था, जिसके बाद यात्रा आरंभ हुई थी लेकिन मौसम की वजह से फिर से यात्रा को रोकना पड़ा है। पुलिस का कहना है कि बारिश और फिसलन की स्थिति के कारण यात्रा बालटाल और पहलगाम दोनों आधार शिविरों से रोक दी गई है।
मालूम हो कि सात दिन पहले शुरु हुई इस पवित्र यात्रा में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। ये तीर्थयात्रा 28 जून को शुरू हुई थी और 26 अगस्त को समाप्त होगी। मौसम विभाग ने मंगलवार को बालटाल और पहलगाम मार्गो पर बदली छाए रहने का अनुमान जताया है इसलिए हो सकता है कि आज पूरे दिन के लिए यात्रा रोक दी जाए। इस बीच ये भी खबर है कि अमरनाथ यात्रा के लिए 5,382 श्रद्धालुओं का एक और जत्था बुधवार को जम्मू से रवाना हुआ है।













Click it and Unblock the Notifications