शुरू हुई Amarnath Yatra, बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहला जत्था रवाना, कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन?
Amarnath Yatra 2025 Registration: अमरनाथ यात्रा हर साल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होती है। बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन के लिए देशभर से भक्त कठिन पहाड़ियों और मौसम की चुनौती को पार करते हैं। इस पावन यात्रा का आध्यात्मिक महत्व जितना बड़ा है, इसकी तैयारी भी उतनी ही जरूरी होती है।
अगर आप भी 2025 में बाबा बर्फानी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आपको पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस बार यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल और डिजिटल बना दिया गया है।

जम्मू से पहला जत्था रवाना, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
अमरनाथ यात्रा के लिए बुधवार को पहला जत्था जम्मू से रवाना हो गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर बेस कैंप से यात्रियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर श्रद्धालु 'हर हर महादेव' और 'बम बम भोले' के नारे लगाते दिखे।
38 दिन चलेगी इस साल यात्रा
इस बार यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी और 9 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन खत्म होगी। कुल 38 दिन तक चलने वाली यह यात्रा दो रास्तों-पहलगाम और बालटाल से कराई जाएगी। पिछले साल यह यात्रा 52 दिन चली थी और करीब 5 लाख लोगों ने अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे।
अबतक 3.5 लाख श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन
इस बार अब तक 3.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। जम्मू में सरस्वती धाम, वैष्णवी धाम, पंचायत भवन और महाजन सभा में रजिस्ट्रेशन सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों पर रोजाना करीब दो हजार श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा रहा है।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ऐसे करें
- अगर आप घर बैठे रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं तो इसके लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट jksasb.nic.in पर जाएं।
- वेबसाइट खोलने के बाद "Yatra Registration" का विकल्प चुनें।
- फिर अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल और पहचान पत्र जैसी जानकारी भरें।
- इसके बाद हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) और पहचान पत्र अपलोड करें।
- रजिस्ट्रेशन शुल्क भरने के बाद आपका यात्रा परमिट डाउनलोड के लिए मिल जाएगा।
हेल्थ सर्टिफिकेट कहां से मिलेगा?
यात्रा के लिए मेडिकल फिटनेस जरूरी है। इसके लिए Compulsory Health Certificate बनवाना होता है, जो सिर्फ बोर्ड द्वारा तय किए गए डॉक्टरों या अस्पतालों से ही बन सकता है। SASB की वेबसाइट पर ऐसी जगहों की पूरी लिस्ट दी गई है।
ग्रुप रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध
अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा पर जा रहे हैं और संख्या 5 से ज्यादा है, तो आप ग्रुप रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं। इसके लिए अलग से फॉर्म भरना होगा, जो वेबसाइट पर ही उपलब्ध है।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी है विकल्प
जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया में सहज नहीं हैं, उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी दी गई है। पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की चुनिंदा शाखाओं में जाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। यहां भी हेल्थ सर्टिफिकेट दिखाना जरूरी होता है।
यात्रियों के लिए सलाह
रजिस्ट्रेशन के बिना यात्रा करना अनुमति नहीं है। साथ ही यात्रा कठिन होती है, इसलिए स्वास्थ्य जांच को हल्के में न लें। केवल वही लोग यात्रा पर जाएं जो शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट हैं।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand weather भारी बारिश का रेड अलर्ट, चार धाम यात्रा पर ब्रेक, जानिए कब तक और कहां क्या हैं हालात












Click it and Unblock the Notifications