कैप्टन का दावा- मैं सिद्धू को बचपन से जानता हूं, वो दूसरी पार्टी में जाने के लिए तैयार कर रहे जमीन
नई दिल्ली, 28 सितंबर: पिछले 4 साल से कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू में विवाद जारी था। पहले कैप्टन भारी थे, लेकिन बाद में सिद्धू ने पीसीसी चीफ बनकर अपनी ताकत दिखाई। साथ ही कैप्टन को इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी की ताजपोशी हुई। माना जा रहा था कि इसके पीछे सिद्धू का ही हाथ था, लेकिन मंगलवार को पंजाब की राजनीति में नया ट्विस्ट आया, जहां पीसीसी चीफ के पद से नवजोत ने इस्तीफा दे दिया। ऐसे में अब कैप्टन ने उनपर पलटवार किया है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू का पद संभालने के दो महीने के भीतर पीपीसीसी प्रमुख के पद से इस्तीफा ये साबित करता है कि वो एक 'अस्थिर' व्यक्ति हैं। जिन पर सत्तारूढ़ दल का नेतृत्व करने के लिए भरोसा नहीं किया जा सकता है, खासकर सीमावर्ती राज्य में। उन्होंने सिद्धू के इस्तीफे को ड्रामा बताते हुए आगे कहा कि अब वो कांग्रेस छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिए अपनी जमीन तैयार कर रहे हैं।
कैप्टन ने कहा कि मैं हमेशा से कह रहा था कि ये खतरनाक है। ऐसे में इसे पंजाब की कमान नहीं सौंपी जा सकती है। पहले वो बतौर मंत्री अक्षम साबित हुए, तो वहीं अब PCC चीफ के रूप में फेल हो गए। उन्होंने कहा कि पंजाब की 600 किलोमीटर की सीमा देश के सबसे बड़े दुश्मन पाकिस्तान से लगती है। सिद्धू के वहां के पीएम इमरान खान, ISI और सेना प्रमुख जावेद बाजवा से अच्छे संबंध हैं। ऐसे में ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है।
अमरिंदर सिंह ने सिद्धू पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि मैं इस लड़के को बचपन से जानता हूं। वो शुरू से अकेला रहा। वो कभी टीम का अच्छा खिलाड़ी नहीं बन सका। उन्होंने 1996 में इंग्लैंड में भारतीय टीम को छोड़ दिया था। यही उनका असली चरित्र है। उनका मानना है कि सिद्धू सिर्फ रैलियों में जाकर जनता को हंसा सकते हैं। इसके अलावा उनको कुछ नहीं आता, ना ही उन्हें कोई गंभीरता से लेता है।












Click it and Unblock the Notifications