मेरे इस्लाम कबूल करने की वजह से हुआ इतना बड़ा हंगामा: हादिया
केरल के कोट्टायम ज़िले के टीवीपुरम की अखिला अशोकन ने धर्म परिवर्तन के बाद हादिया जहां के रूप में शफीन जहां से निकाह किया था
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हादिया और शफीन की शादी बहाल किए जाने के बाद एक बार फिर हादिया का एक बयान सुर्खियों में है। हादिया ने कहा कि यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने इस्लाम अपना लिया था। केरल पहुंची हादिया ने शनिवार को कहा कि धर्म चुनने का अधिकार सभी को है। ये सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने इस्लाम कबूल कर लिया है। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने केरल हाईकोर्ट के फैसले को रद्द करते हुए अपने फैसेले में कहा है कि हादिया और शफीन जहान पति-पत्नी की तरह रह सकेंगे।

'कॉलेज लौटने से पहले 3 दिन अपने पति के साथ रहेंगी'
हादिया बन चुकी अखिला अशोकन केरल के कोझिको़ड में अपने पति को देखने के लिए पहुंची हैं। वह कॉलेज लौटने से पहले 3 दिन अपने पति के साथ रहेंगी। हादिया तमिलनाडु के सलेम में एक कॉलेज हॉस्टल में रहती हैं और वहां के प्रधानाध्यापक की देखरेख में अपनी पढ़ाई पूरी कर रही है। हदिया पहले ही शीर्ष अदालत में कह चुकी थी कि उसने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म कबूल करके शफीन से शादी की है और वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है। शीर्ष अदालत ने 22 फरवरी को सवाल किया था कि क्या उच्च न्यायालय दो वयस्कों द्वारा स्वेच्छा से की गई शादी को अमान्य घोषित कर सकता है।

हाईकोर्ट पहुंचे थे पिता अशोकन
केरल के कोट्टायम ज़िले के टीवीपुरम की अखिला अशोकन ने धर्म परिवर्तन के बाद हादिया जहां के रूप में शफीन जहां से निकाह किया था। इस मामले को हादिया के पिता अशोकन ने लव जिहाद का नाम देते हुए केरल उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया था।

पिता ने लगाया था आरोप
अशोकन ने आरोप लगाया कि मामले में जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है। उन्होंने हादिया को लेकर चिंता जताई कि हादिया को आतंकवादी संगठन आईएस में शामिल होने के लिए सीरिया भेज दिया जाएगा। दरअसल हादिया से निकाह करने वाले शफीन मस्कट में काम करते हैं और उनके माता पिता भी वहीं रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications