कश्मीर: राज्यपाल की सर्वदलीय बैठक में पहुंचे उमर अब्दुल्ला, सत शर्मा, मीर
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सूबे के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर और भाजपा के सत शर्मा पहुंचे हैं। राज्यपाल ने अपने श्रीनगर स्थित आवास पर बैठक बुलाई है। राज्य में राज्यपाल शासन लागू होने के मद्देनजर स्थिति पर चर्चा करने के लिए राज्यपाल वोहरा ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। राज्य में भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार गिरने के बाद राज्यपाल शासन लागू किया गया है।

सर्वदलीय बैठक में राज्यपाल राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ राज्य के राजनीतिक हालात पर विचार करते हुए आगे की रणनीति तय करेंगे। राज्यपाल ने राज्य विधानसभा को भंग करने के बजाय निलंबित रखा है। विधानसभा का कार्यकाल सामान्य परिस्थितियों में 2021 में खत्म होना है।

बीते बुधवार को राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद राज्यपाल शासन लागू करते हुए पूरे प्रशासन की बागडोर अपने हाथ में ले ली थी। राज्यपाल ने गुरुवार को दूसरे दिन भी प्रशासनिक कामकाज का जायजा लेते हुए राज्य की कानून व्यवस्था का जायजा लिया।
जम्मू-कश्मीर की 87 सदस्यीय विधानसभा के लिए 2014 में हुए चुनाव में पीडीपी और भाजपा ने मिलकर सरकार बनाई थी। भाजपा के समर्थन वापसी के बाद महबूबा मुफ्ती ने इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद राज्यपाल शासन लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications