गुयाना में शशि थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत, गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे
All-party Delegation: दक्षिण अमेरिका के महत्वपूर्ण राष्ट्र गुयाना की राजधानी जॉर्जटाउन में एक गौरवशाली क्षण देखने को मिला, जब कांग्रेस सांसद और प्रसिद्ध लेखक डॉ. शशि थरूर के नेतृत्व में भारत से पहुँचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का स्थानीय भारतीय प्रवासी समुदाय ने ऐतिहासिक स्वागत किया।
यह समारोह एक प्रमुख होटल में आयोजित हुआ, जिसमें पारंपरिक परिधान में सजे-संवरे भारतीय मूल के नागरिकों ने तिरंगा लहराते हुए "भारत माता की जय" और "हम आतंकवाद के खिलाफ हैं" जैसे जोशीले नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों के सांसद शामिल हैं, जो ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान द्वारा सीमा पर आतंकवाद के बढ़ावे को बेनकाब करने के लिए वैश्विक दौरे पर हैं। इस यात्रा की विशेष बात यह रही कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े नेता एक मंच पर एकजुट नजर आए। इससे दुनिया को यह संदेश दिया गया कि भले ही राजनीतिक स्तर पर मतभेद हो लेकिन देश और आतंकवाद पर भारत एकजुट है।
Indian delegation का प्रवासी भारतीयों ने किया स्वागत
गुयाना में बसे भारतीय मूल के लोगों के लिए यह दिन अत्यंत भावनात्मक था। उन्होंने भारतीय नेताओं को फूल-मालाओं और पारंपरिक संगीत के साथ स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान भारतीय प्रवासी समुदाय ने "हम आतंकवाद के खिलाफ हैं" के नारे भी लगाए, जो इस बात का प्रतीक था कि भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में बसे भारतीय, वैश्विक शांति और मानवता के पक्षधर हैं। यह संदेश भारत की विदेश नीति में प्रवासियों की सक्रिय भूमिका को उजागर करता है।
तेजस्वी सूर्या ने कहा, प्रतिनिधिमंडल बना भारत की पहचान
प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि,"गुयाना भारत के लिए दक्षिण अमेरिका का एक बहुत ही महत्वपूर्ण देश है। यह देश CARICOM (कैरीकॉम) का संस्थापक सदस्य है, जो इस क्षेत्र में भारत की आवाज को मजबूती देता है। हमारी यह यात्रा भारत और गुयाना के संबंधों को नई दिशा देगी।"
तेजस्वी सूर्या ने यह भी कहा कि यहाँ आकर ऐसा लग रहा है मानो अपने ही लोगों के बीच पहुँच गए हों। उन्होंने भारतीय प्रवासियों के योगदान को सराहा और उन्हें भारत का "सांस्कृतिक राजदूत" करार दिया।
सांसद शशांक मणि का भावनात्मक संदेश
बीजेपी सांसद शशांक मणि ने कहा,"गुयाना आकर ऐसा लग रहा है जैसे हम अपने घर लौटे हैं। यह हमारे लिए केवल एक दौरा नहीं, बल्कि एक शुभ शुरुआत है। हम जो महत्वपूर्ण संदेश पूरी दुनिया को देना चाहते हैं, उसकी शुरुआत गुयाना से हो रही है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज गुयाना का राष्ट्रीय दिवस भी है। यह दिन हमारी यात्रा को और अधिक सार्थक बनाता है।"
उन्होंने भारत और गुयाना के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों पर भी प्रकाश डाला, और भारतीय समुदाय को उनकी जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
All-party Delegation: प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उद्देश्य
इस सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उद्देश्य भारत की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, पाकिस्तान की नापाक हरकतों को, पहलगाम अटैक और ऑपरेशन सिंदूर को दुनिया के सामने बताने का है। साथ ही यह दौरा 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को भी दर्शाता है, जिसमें संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानते हुए भारत अपनी सभ्यता और मूल्यों को साझा कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications