ओमिक्रोन को लेकर पूरा देश अलर्ट पर, जानें आज से लागू हुए ये खास नियम
नई दिल्ली, 1 दिसंबर: कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। भारत कुछ महीने पहले ही महामारी की दूसरी लहर से उबरा था, ऐसे में सरकार नए वेरिएंट को लेकर काफी सतर्क है। इसके लिए देशभर में 1 दिसंबर से कई नए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। जिसके तहत अब विदेशी यात्रियों की खास निगरानी की जाएगी। इसके अलावा अगर किसी ने लापरवाही बरती तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।

एयरपोर्ट पर ये नियम
केंद्र सरकार ने देश के प्रमुख हवाईअड्डों पर सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। भारत में आने वाले यात्रियों को निर्धारित यात्रा से पहले ऑनलाइन एयर सुविधा पोर्टल पर स्व-घोषणा पत्र जमा करना आवश्यक है। इसके अलावा उन्हें पिछले 14 दिनों के अपने यात्रा विवरण को भी जमा करना होगा। नई गाइडलाइन में ये भी कहा गया कि यात्रा शुरू करने से 72 घंटे के अंदर आरटी-पीसीआर परीक्षण किया जाना चाहिए।

'जोखिम' वाले देशों के लिए ये नियम
अगर कोई यात्री ज्यादा जोखिम वाले देश से आता और उसका आरटी-पीसीआर टेस्ट निगेटिव रहा, तो भी उसे 7 दिन तक होम क्वारंटीन में रहना होगा। इसके 8वें दिन फिर से उसका टेस्ट होगा। अगर यात्री निगेटिव रहा, तो अगले 7 दिन वो खुद की निगरानी करे। इसके अलावा पॉजिटिव मामलों के सैंपल INSACOG जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे।

महाराष्ट्र में सबसे कड़ा नियम
यूके, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, हांगकांग और इजरायल के यात्रियों के लिए 7 दिन का क्वांरटीन अनिवार्य है, लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने इससे कड़े नियम लागू किए हैं। जिसके मुताबिक विदेशी यात्री चाहे किसी भी देश से आएं, उन्हें 14 दिन होम क्वांरटीन में रहना होगा। घरेलू यात्रियों को भी महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले आरटी-पीसीआर नकारात्मक रिपोर्ट दिखानी होगी।

स्वास्थ्य महकमे को किया जा रहा तैयार
जब कोरोना महामारी की दूसरी लहर आई तो लाखों लोगों को अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन हर राज्य इसमें नाकाम रहे। अब ओमिक्रोन के लिए पहले से ही तैयारी की जा रही है। उदाहरण के तौर पर दिल्ली के LNJP अस्पताल को ओमिक्रोन मामलों के लिए रिजर्व किया गया है। इसके अलावा केंद्र ने डोर टू डोर टीकाकरण प्रोग्राम को 31 दिसंबर तक के लिए बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications