अखिलेश का वादा, केंद्र में सरकार बनी तो किसानों का 100 फीसदी कर्ज माफ करेंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वो किसानों का 100 फीसदी कर्ज माफ करेंगे। यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार ने अपनी नीतियों से किसानों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे आज किसान परेशान है। अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम मोदी देश के किसानों के साथ मजाक कर रहे हैं।

अब स्वर्णिम क्रांति का समय: यादव
अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, किसान अन्नदाता जो सारे देश का पेट भरता है आज सरकार की नीतियों की वजह से कर्ज और सूद में जकड़ा हुआ है। केंद्र में सरकार बनते ही पहला काम 100 फीसदी कर्जा माफ करने का करेंगे। साथ ही ऐसी नीतियाँ लाएँगे जिनसे किसान का विकास हो। अब स्वर्णिम क्रांति का समय है।

भाजपा पर हमलावर हैं अखिलेश
अखिलेश यादव लगातार केंद्र की भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। एक दिन पहले प्रयागराज में शहीद महेश कुमार के घर पहुंचे तो तब भी उन्होंने मोदी और योगी सरकार पर निशाना साधा था। अखिलेश यादव ने बताया कि इस बार लोकसभा चुनाव में उनके छात्र संगठन पर बूथ सैनिक बनाये जायेंगे जो लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार सुनिश्चित करेंगे।

बसपा के साथ लड़ रही है सपा
आगामी लोकसभा चुनाव में सपा ने बसपा के साथ गठबंधन में लड़ने का फैसला किया है। इस संबंध में लखनऊ में 12 जनवरी को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने महागठबंधन का ऐलान किया था। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से सपा को 37 और बसपा को 38 सीटें दी गई हैं। तीन सीटें राष्ट्रीय लोकदल को दी गई हैं। अमेठी और रायबरेली में चुनाव ना लड़ने का फैसला किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications