आप के साथ गठबंधन होता तो दिल्ली की सभी 7 सीटों पर जीत दर्ज करते- अजय माकन
नई दिल्ली। तमाम कोशिशों के बाद भी दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं हो सका। नई दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार अजय माकन ने कहा कि बिना आम आदमी पार्टी के गठबंधन के दिल्ली की सातों सीट पर जीत दर्ज करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में आप के साथ गठबंधन हुआ होता तो तो हम 2-3 लाख वोटों के अंतर से सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज करते। लेकिन अब हम सातों सीटों पर नहीं जीतेंगे और जीत का अंतर भी बहुत अधिक नहीं होगा।

असल मुद्दों पर होगा चुनाव
माकन ने कहा कि जब मैं राजनीति में आया था तो भाजपा के सांसद जगमोहन के खिलाफ मुझे किसी ने मौका नहीं दिया। जगमोहन तीन बार के सांसद थे। लेकिन मैंने उन्हें 2004 में 12000 वोटों से हराया। 2009 में मैंने भाजपा के विजय गोयल को 2 लाख वोटों से हराया। पूर्व में भी मैं इस तरह के हालात देख चुका हूं। मुझे पूरा यकीन है कि बेरोजगारी, सीलिंग, केंद्र सरकार के कर्मचारियों के साथ अन्याय, बस्तियों का असल मुद्दा लोगों के लिए अहम है और इसका असर देखने को मिलेगा।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा विरोधी वोट ज्यादा नहीं बंटेगा
जब माकन से पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि भाजपा विरोधी मत बंटेगा तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि भाजपा विरोधी मत बहुत ज्यादा बंटेगा। लोग कांग्रेस को वोट करेंगे क्योंकि हमारे उम्मीदवार के पास बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव है। हममे से कई का रिकॉर्ड काफी अच्छा है। जब आप के उम्मीदवारों के बारे में माकन से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोगों को आप के उम्मीदवारों के बारे में कहने के लिए कुछ है नहीं, लेकिन मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि कुछ उम्मीदवारों ने अपनी छाप छोड़ी है।

भाजपा से सीधा मुकाबला
भारतीय जनता पार्टी या फिर आम आदमी पार्टी कौन सी पार्टी आपके लिए बड़ी चुनौती है, इस सवाल पर माकन ने कहा कि यह राष्ट्रीय चुनाव है, लिहाजा कांग्रेस का सीधा मुकाबला राष्ट्रीय पार्टी से है जोकि भाजपा है। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग पर माकन ने कहा कि हमारे मैनिफेस्टो में बिल्कुल साफ है कि हम दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाना चाहते हैं। हमने साफ किया है कि भूमि, कानून और पुलिस को दिल्ली से अलग रखना चाहिए और बाकी सभी विषयों पर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाना चाहिए। एलजी को मंत्री समूह की सलाह पर काम करना चाहिए।

सीलिंग को रोकना प्राथमिकता
माकन का कहना है कि सीलिंग ड्राइव को रोकना मेरी पहली प्राथमिकता है। जब मैं 2006 में मंत्री था उस वक्त भी सीलिंग हुई थी। लेकिन उस वक्त मैंने इसे एक महीने के भीतर रोक दिया था और दिल्ली के मास्टर प्लान में 170 संशोधन किए गए थे। बता दें कि अजय माकन के खिलाफ भाजपा की मीनाक्षी लेखी मैदान में हैं जबकि आप की ओर से ब्रजेश गोयल भी अपनी किस्तम आजमा रहे हैं। अजय माकन लगातार चौथी बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, इससे पहले वह दो बार चुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications