एयर इंडिया के मुख्यालय का चपरासी मिला कोरोना पॉजिटिव, दफ्तर दो दिन के लिए बंद
मुख्यालय बंद होने के बाद अब एयर इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप सिंह खरोला समेत पूरा स्टाफ घर से ही काम करेगा...
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का प्रकोप फिलहाल थमता हुआ नजर नहीं आ आ रहा है। मंगलवार को दिल्ली स्थित एयर इंडिया के मुख्यालय का एक चपरासी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिसके बाद मुख्यालय को अगले दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मुख्यालय बंद होने के बाद अब एयर इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप सिंह खरोला समेत पूरा स्टाफ घर से ही काम करेगा। एयर इंडिया के दफ्तर को सैनिटाइज भी किया जा रहा है।
Recommended Video

संक्रमित चपरासी को होम क्वारंटाइन में रखा गया
एयर इंडिया के अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि स्टाफ और आने वाले लोगों समेत यहां किसी भी समय कम से कम 200 लोग होते हैं। ऐसे में यह निर्णय लिया गया है कि अगले दो दिन तक मुख्यालय को बंद रखा जाएगा। एयर इंडिया के जिस कर्मचारी में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है, उसे फिलहाल होम क्वारंटाइन में रखा गया है।

कोरोना वायरस के 3604 नए केस सामने आए
आपको बता दें कि कोरोना वायरस मामले रोज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर ही कोरोना वायरस के 3604 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 70756 हो गई है। कोरोना वायरस के कारण पिछले 24 घंटों में 87 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि राहत की बात ये है कि इनमें से अभी तक 22454 मरीज ठीक हो गए हैं। इस तरह इस समय देश में कुल एक्टिव केस 46008 है।

17 मई के बाद भी बढ़ाया जा सकता है लॉकडाउन
वहीं, कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि देशभर में लागू लॉकडाउन को 17 मई के बाद भी बढा़या जा सकता है। सोमवार को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात के संकेत भी दिए। पीएम मोदी ने कहा, 'अब हमारे पास भारत में सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाकों की रिपोर्ट समेत कोरोना वायरस महामारी के भौगोलिक प्रसार से संबंधित काफी स्पष्ट संकेत हैं। इसके अलावा पिछले कुछ हफ्तों में, अधिकारियों ने एक जिले के स्तर तक इस महामारी से लड़ने की प्रक्रिया को भी समझा है। इसलिए, अब हम कोरोनोवायरस के खिलाफ इस लड़ाई में अपनी रणनीति पर और आगे बढ़कर सोच सकते हैं, जैसा कि होना चाहिए। हमारे पास एक दोहरी चुनौती है- बीमारी के फैलने की दर को कम करना और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धीरे-धीरे सार्वजनिक गतिविधि को बढ़ाना। अब आगे हमें इन दोनों लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में काम करना होगा।'












Click it and Unblock the Notifications