Air India की फ्लाइट में मिड-एयर अलर्ट, केबिन से आई जलने की गंध, उड़ान के तुरंत बाद वापस लौटा विमान
Air India Flight: शनिवार सुबह एयर इंडिया की मुंबई से चेन्नई जा रही फ्लाइट AI-639 को उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद केबिन में जलने की गंध महसूस होने पर एहतियातन मुंबई एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। हालांकि विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया कि एयरबस विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और यात्रियों की यात्रा पूरी करने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई।

जलने की गंध की वजहों का नहीं किया खुलासा
हालांकि कंपनी ने जलने की गंध के सोर्स या तकनीकी वजहों का खुलासा नहीं किया, लेकिन यह भरोसा दिलाया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें पूरी सहायता दी गई। एयर इंडिया ने कहा कि, 'मुंबई में हमारी ग्राउंड टीमों ने यात्रियों को पूरी मदद दी ताकि इस अनचाही असुविधा का असर कम हो सके।'
24 घंटे में तीन तकनीकी झटके
यह पहला मामला नहीं है जब एयर इंडिया की फ्लाइट को इमरजेंसी में वापस लौटना पड़ा हो। शुक्रवार को भी एक और एयर इंडिया विमान में सुरक्षा अलर्ट की खबर सामने आई। फ्लाइट को प्रोटोकॉल के तहत पूरी तरह चेक किया गया और बाद में उड़ान की मंजूरी दी गई।
उसी दिन दिल्ली से जम्मू जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को भी तकनीकी खराबी के कारण टेकऑफ के बाद दिल्ली लौटना पड़ा। यह फ्लाइट सुबह 11:04 बजे उड़ान भरने के बाद जम्मू पहुंचने वाली थी, लेकिन तकनीकी दिक्कत के चलते उसे मिड-एयर वापस मोड़ना पड़ा।
जून 12 का हादसा अभी भूला नहीं है देश
ये लगातार हो रही घटनाएं उस भीषण हादसे के ठीक बाद सामने आ रही हैं, जिसमें 12 जून को अहमदाबाद से टेकऑफ के बाद एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई थी।
एयर इंडिया के भीषण विमान हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हुई है। इस ट्रैजेडी में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान (फ्लाइट संख्या AI-171) पर सवार 241 लोगों की जान गई- जिसमें 230 यात्री और 11 क्रू मेंबर शामिल थे। इसके अलावा, विमान के क्रैश होकर जमीन पर गिरने के दौरान एक हॉस्टल परिसर में मौजूद 19 अन्य लोग भी मारे गए।
DNA टेस्ट के बाद मरने वालों की संख्या पर नया अपडेट
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि अंतिम शव की डीएनए पहचान पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि डीएनए परीक्षण के बाद संख्या में संशोधन किया गया है। इस विमान हादसे में 241 लोग विमान में सवार थे, जबकि 19 की मौत जमीन पर हुई थी।
सभी शवों की पहचान पूरी कर ली गई
सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, सभी शवों की पहचान पूरी कर ली गई है और डीएनए प्रोफाइलिंग की प्रक्रिया भी समाप्त हो चुकी है। सभी 260 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। यह दुर्घटना भारत में पिछले एक दशक की सबसे बड़ी विमानन त्रासदी मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications