Manipur women case: ओवैसी बोले- पीएम ने मजबूरी में दी प्रतिक्रिया, दो महीने से हो रहा जनसंहार
संसद का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू हो गया है। उससे पहले मणिपुर का एक शर्मनाक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो महिलाओं को नग्न करके घुमाया गया। इसको लेकर विपक्षी दल लगातार केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर हैं। अब AIMIM सांसद असदुद्दीन औवेसी ने मणिपुर सीएम का इस्तीफा मांगा है।
संसद के सत्र में शामिल होने पहुंचे ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री को दो महीने बाद ख्याल आया कि मणिपुर में कूकी समुदाय का जनसंहार किया गया। अब वीडियो वायरल हो रहा, इस वजह से पीएम मोदी को बोलना पड़ रहा। वहां पर पिछले काफी दिनों से लोगों की हत्या हो रही है।

ओवैसी ने आगे कहा कि दो महीने में 130 चर्च को जला दिया गया, हजारों हथियार लूट लिए गए। मणिपुर में कूकी लोगों को बदनाम किया जा रहा। वो वहां के रहने वाले हैं, उनका अपना अलग मजहब है, लेकिन उनको बदनाम करने के लिए उन्हें म्यांमार का बताया जा रहा। उनके मुताबिक कूकी के साथ इंसाफ तब होगा, जब सीएम को हटाया जाएगा और पीएम सीबीआई जांच का आदेश देंगे।
पीएम ने क्या कहा?
पीएम ने मणिपुर की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर की जो घटना सामने आई है, वो किसी भी सभ्य समाज के लिए ये शर्मसार करने वाली घटना है। गुनाह करने वाले कितने और कौन हैं, वो अपनी जगह पर हैं पर बेइज्जती पूरे देश की हो रही है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वो अपने राज्यों में कानून व्यवस्थाओं को और मजबूत करें। खासतौर पर हमारी मातओं-बहनों की रक्षा के लिए कठोर से कठोर कदम उठाएं।
वायरल वीडियो में क्या है?
ये वीडियो 4 मई का है, लेकिन राज्य में इंटरनेट बैन था, ऐसे में अब सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग दो महिलाओं को नग्न करके घुमाते हुए नजर आ रहे। साथ ही उनके साथ अभद्रता की। राज्य सरकार का दावा है कि घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक मई में हिंसा भड़कने के बाद हजारों की भीड़ बी. फेनोम गांव में घुस गई थी। वहां पर उन्होंने जमकर हिंसा की। जान बचाने के लिए 2 पुरुष और 3 महिलाएं (एक ही परिवार) जंगल में छिपे। उनको किसी तरह पुलिस ने बचाया।
इसके बाद भीड़ ने पांचों को पुलिस कस्टडी से छुड़ाया और फिर एक लड़की से गैंगरेप किया। एक महिला तो भागने में कामयाब रही, जबकि दो को नग्न करके घुमाया गया। वहीं विरोध करने पर लड़की के भाई की हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications