Ahmedabad Flight crash: पायलट ने क्या सच में जानबूझ कर किया था प्लेन क्रैश? सरकार ने दिया जवाब
Ahmedabad Flight crash: 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 विमान हादसे को लेकर इटेलियन मीडिया रिपोर्ट ने तहलका मचा दिया है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पायलट ने जानबूझ कर एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश की थी। इन मीडिया की अटकलों को लेकर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने गुरुवार को स्पष्टीकरण जारी किया है।
एएआईबी ने उन इतालवी मीडिया रिपोर्टों को 'गलत और अटकलबाजी पर आधारित' बताया है, जिनमें एयर इंडिया की उड़ान AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच पूरी होने का दावा किया गया था।

ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भारत की यह महत्वपूर्ण विमानन जांच एजेंसी अभी भी इस मामले पर काम कर रही है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। AAIB ने जोर दिया कि जांच अभी जारी है, और ऐसे में किसी व्यक्ति या कारण को दोषी ठहराना जल्दबाजी होगी। यह एक जटिल तकनीकी प्रक्रिया है, जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR), कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की समीक्षा, तकनीकी विश्लेषण और मौसम की स्थितियों का गहन अध्ययन शामिल है।
AAIB ने दोहराया कि जांच पूरी पारदर्शिता और पेशेवर तरीके से की जा रही है। AI-171 हादसे पर स्थिति की समीक्षा जारी है; तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आधिकारिक निर्णय साझा होंगे। ब्यूरो ने मीडिया से आधिकारिक बयानों और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करने की अपील की।
इटालियन अखबार की रिपोर्ट से मचा हड़कंप
इटली के मशहूर अखबार कोरिरे डेला सेरा की एक रिपोर्ट सामने आने के बाद एयर इंडिया फ्लाइट 171 हादसे को लेकर नई बहस छिड़ गई है। अखबार ने दावा किया कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए इस विमान हादसे की वजह पायलट की कार्रवाई हो सकती है। हालांकि भारतीय अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
इटेलियन रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?
इटालियन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जांचकर्ता अपनी अंतिम रिपोर्ट में यह कह सकते हैं कि हादसा इसलिए हुआ क्योंकि टेकऑफ के तुरंत बाद एक पायलट ने दोनों इंजन के फ्यूल स्विच "रन" से "कटऑफ" में डाल दिए थे।
रिपोर्ट में पश्चिमी विमानन सूत्रों के हवाले से कहा गया कि यह कदम "लगभग निश्चित रूप से जानबूझकर" उठाया गया था। साथ ही दावा किया गया कि किसी तकनीकी खराबी के सबूत नहीं मिले हैं, जो दोनों इंजनों के एक साथ बंद होने की वजह बन सके।
सिमुलेटर टेस्ट में क्या मिला?
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में किए गए सिमुलेटर टेस्ट में ऐसी कोई यांत्रिक खराबी दोहराई नहीं जा सकी, जिससे दोनों इंजन एक साथ बंद हो जाएं। ऐसे में सूत्रों का कहना है कि मानवीय हस्तक्षेप ही एक संभावित वजह हो सकता है।
अहमदाबाद एयर इंडिया हादसा
यह हादसा 12 जून 2025 को हुआ था। अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने वाला बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर टेकऑफ के महज 32 सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया उसमें सवार एक यात्री के अलावा सभी यात्रियों की मौत हो गई थी।
नियमों के तहत हो रही है जांच
एएआईबी ने स्पष्ट किया कि जांच 'विमान (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम, 2025' और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के एनेक्स 13 के तहत की जा रही है। जांच एक तकनीकी और सबूतों पर आधारित प्रक्रिया है, जिसका मकसद दोष तय करना नहीं बल्कि असली वजह पता लगाना और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकना है।
शुरुआती रिपोर्ट में क्या था?
एजेंसी ने बताया कि पहले जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर्फ वही तथ्य शामिल थे, जो उस समय तक उपलब्ध थे। अंतिम रिपोर्ट में विस्तृत निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी अहम सिफारिशें होंगी, जिसे जांच पूरी होने के बाद जारी किया जाएगा।
गौर करने वाली बात यह है कि जब शुरुआती जांच के बाद इसी तरह के आरोप सामने आए थे, तब इंडियन कमर्शियल पायलट्स एसोसिएशन (ICPA) ने इसका कड़ा विरोध किया था। फिलहाल, एएआईबी, DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से इतालवी अखबार की रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications