सोनिया गांधी के सबसे खास नेता के बेटे को कांग्रेस में क्यों हुआ दर्द, फैसल पटेल ने किसकी वजह से छोड़ी पार्टी ?
Ahmed Patel son quits Congress reason: एक जमाना था जब सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल की कांग्रेस में तूती बोलती थी। पार्टी और यूपीए सरकार में उनका निर्देश या आदेश सोनिया का ही फरमान समझा जाता था। लेकिन,उन्हीं के बेटे फैसल पटेल की कांग्रेस में कोई सुनने वाला नहीं रहा।
इस वजह से फैसल पटेल को कांग्रेस में इतनी 'दर्द और पीड़ा' महसूस हुई कि उन्होंने पार्टी छोड़ने का ही एलान कर दिया। सवाल है कि कांग्रेस में ऐसी हैसियत किसकी हो सकती है, जो अहमद पटेल के बेटे के हर कदम में बाधा बनने की जुर्ररत दिखाए?

Ahmed Patel son: राहुल'राज' में अहमद पटेल के बेटे को कांग्रेस में किसने रोका?
पहले यह देख लेना जरूरी है कि कांग्रेस के मामलों से खुद को दूर करने की घोषणा करते हुए फैसल पटेल ने एक्स पर लिखा क्या है। उनका कहना है, 'बहुत ही ज्यादा दर्द और पीड़ा की वजह से मैंने कांग्रेस के लिए काम बंद करने का फैसला किया है। कई वर्षों का यह मुश्किल सफर रहा है। मेरे दिवंगत पिता अहमद पटेल ने अपना पूरा जीवन देश,पार्टी और गांधी परिवार के लिए समर्पित किया। मैंने उनके नक्शेकदम पर चलने की कोशिश की, लेकिन मुझे हर कदम पर रोका गया।'
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए कांग्रेस हमेशा उनका परिवार रहेगा, लेकिन सवाल है जिस अहमद पटेल पर कभी सोनिया गांधी ने खुद से ज्यादा भरोसा किया, उनके बेटे को कांग्रेस में काम करने देने से रोकने की हिम्मत कौन कर सकता है या फिर किसके इशारे पर कर सकता है?
कहते हैं कि भले ही सोनिया आज कांग्रेस अध्यक्ष नहीं हैं, लेकिन उनके बेटे राहुल गांधी पार्टी में बिना किसी औपचारिक पद के भी सर्वेसर्वा हैं और उनके इशारे के बिना कांग्रेस में पत्ते को भी हिलने की इजाजत नहीं है!
Ahmed Patel son Faisal quits Congress: अहमद पटेल की बेटी ने भाई के फैसले को बताया 'निजी'
हालांकि, फैसल की बहन और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता मुमताज अहमद अभी भी पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। इस मामले की वजह से भाई-बहन के बीच पार्टी की गतिविधियों को लेकर और भी अटकलें लग रही हैं। वैसे इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में गुजरात कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से कहा गया है, 'फैसल पटेल की घोषणा की कोई अहमियत नहीं है, क्योंकि वे पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं थे।'
जब यह सवाल मुमताज से पूछा गया तो उन्होंने इस उनका 'निजी फैसला' बताकर इससे पल्ला झाड़ने की कोशिश की। वैसे उनका दावा है कि इसकी वजह से उनके परिवार में किसी तरह का मतभेद नहीं है। उनके अनुसार, 'हम परिवार में एकजुट हैं और हम दोनों ने अहमद पटेल की विरासत को अपने तरीके से आगे ले जाने का फैसला किया है। फैसल का फोकस समाज सेवा पर है और मैं राजनीति में अपना ध्यान लगाऊंगी, जैसे मेरे पिता ने किया।'
वह यह भी दावा कर रही हैं कि भाई के साथ उनका कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा, 'मेरे और फैसल के बीच में कोई मतभेद नहीं है।' कांग्रेस नेताओं का भी मानना है कि फैसल के फैसले से अहमद पटेल के परिवार के साथ पार्टी के रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
Ahmed Patel son: फैसल पटेल ने किसकी वजह से छोड़ी पार्टी ?
गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा, 'फैसल जी और मुमताज जी दोनों अहमद पटेल के परिवार से हैं और ये हमेशा ही कांग्रेस परिवार का हिस्सा रहेंगे। मुमताज पार्टी की सक्रिय नेता हैं और फैसल जैसे समाज सेवा में शामिल हैं, वह अहमद पटेल की विरासत को आगे बढ़ाता है, जो कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है।'
फैसल समाज सेवा करें या कोई और काम करें, यहां इससे मतलब नहीं है। इस सवाल का जवाब कांग्रेस नहीं दे पा रही है कि कभी पार्टी के सबसे बड़े रणनीतिकार और गांधी परिवार के सार्वजनिक 'चेहरा' रहे अहमद पटेल के बेटे को कांग्रेस में 'दर्द और पीड़ा' देने वाला कौन है और किसने उन्हें चाह कर भी पार्टी में काम करने से हर कदम पर रोकने की कोशिश की?












Click it and Unblock the Notifications