उरी के बाद सीमा पार से हो सकते हैं और भी हमले, एजेंसियां सतर्क
नई दिल्ली। कश्मीर घाटी में तेजी से सामान्य हो रहे हालात के दौरान आशंका है कि फिर से उरी सरीखा कोई बड़ा आतंकी हमला हो सकता है।

सुरक्षबलों के मुताबिक कश्मीर के हालात खराब रहें, इसके लिए सीमा पार से कोशिश जारी है।
इन सबके बीच सेना और सुरक्षाबलों की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है।
तब खराब हुए थे हालात
गौरतलब है कि इसी साल 8 जुलाई को सेना और जम्मू और कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद घाटी के हालात बहुत ही खराब हो गए थे।
अब भी घाटी के कई इलाकों में कर्फ्यू सहित अन्य पाबंदियां जारी हैं।
बुरहान के मारे जाने के बाद घाटी में सुरक्षाबलों की संख्या में भारी इजाफा किया गया था जिसका असर अब दिख रहा है। सूत्रों के अनुसार अब घाटी में विरोध प्रदर्शन थम रहे हैं।
लेकिन सीमा पार से घुसपैठ की घटनाओं में तेजी आ रही है।
15 दिसंबर तक का है समय
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक घुसपैठ कराने वालों के लिए अभी भी 15 दिसंबर तक का समय है क्योंकि सर्दियों के शुरू हो जाने के बाद घुसपैठ आसान नहीं रह जाती है और इसमें कमी हो जाती है।
हालांकि आशंका जाहिर की जा रही है कि इससे पहले सीमा पार से आतंकी हमले और घुसपैठ की कोशिशें जारी रहेंगी।
बता दें कि उरी हमले के बाद सेना ने घुसपैठ की दो कोशिशों को नाकाम किया है जिसमें से एक बांदीपोरा में हुई मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को मारने का दावा भी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications