CJP Protest: जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में अचानक बढ़ा तनाव, दिल्ली पुलिस ने 6 को लिया हिरासत
CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 6 लोगों को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी बड़े टकराव को रोकने के लिए एहतियातन की गई है।
दरअसल खुफिया इनपुट मिले थे कि इस ऑनलाइन मूवमेंट का समर्थन करने वाले युवाओं और इसका विरोध करने वाले गुटों के बीच झड़प हो सकती है। कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े और जंतर-मंतर पर चल रहा यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके, इसी मकसद से पुलिस ने हुड़दंग मचाने की कोशिश कर रहे इन 6 संदिग्धों को प्रिवेंटिव कस्टडी (एहतियातन हिरासत) में ले लिया।

दो गुटों में टकराव की थी खुफिया रिपोर्ट: भारी बैरिकेडिंग के बीच रोका गया हंगामा
यह पूरा हंगामा तब शुरू हुआ जब प्रदर्शन स्थल के पास कुछ लोग माहौल को बिगाड़ने और नारेबाजी करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा। किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए पूरे नई दिल्ली जिले में सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
जंतर-मंतर के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग खड़ी की गई है ताकि प्रदर्शनकारियों और उनके विरोधी गुटों को एक-दूसरे से अलग रखा जा सके और उनकी आवाजाही को कंट्रोल किया जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद जमीन पर उतरकर पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े छात्र: कॉकरोच मास्क पहनकर जताया अनोखा विरोध
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके की अगुवाई में चल रहे इस प्रदर्शन में सैकड़ों की तादाद में छात्र और युवा प्रोफेशनल्स शामिल हुए हैं। कई स्कूली बच्चे भी अपने माता-पिता के साथ इस आंदोलन का समर्थन करने पहुंचे हैं।
इन युवाओं की साफ मांग है कि NEET, CUET, CBSE और SSC-GD जैसी देश की बड़ी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में जो कथित धांधली और गड़बड़ियां हुई हैं, उसकी जिम्मेदारी तय की जाए। छात्र लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गगनभेदी नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी युवा हाथों में फूल लिए हुए हैं और चेहरे पर कॉकरोच का मास्क पहनकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
सोशल मीडिया से जमीन तक का सफर: दिल्ली के तमाम बॉर्डर्स और एयरपोर्ट पर अलर्ट
आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत युवाओं के नेतृत्व वाले एक ऑनलाइन आंदोलन के रूप में हुई थी। पिछले एक महीने से इस ग्रुप ने सोशल मीडिया पर परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया और भारी जनसमर्थन जुटाया।
शनिवार को इसी सोशल मीडिया कैंपेन का जमीनी असर जंतर-मंतर पर देखने को मिला। भारी भीड़ जुटने और विरोधी गुटों द्वारा खलल डालने की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले ही 1,000 से ज्यादा जवानों को रणनीतिक मोर्चों पर तैनात कर दिया था।
इसके अलावा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट और दिल्ली के तमाम बॉर्डर एंट्री पॉइंट्स पर भी सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा रखा गया है ताकि शहर की शांति व्यवस्था पर कोई आंच न आए।














Click it and Unblock the Notifications