IND vs AFG: विराट कोहली अफगानिस्तान ODI सीरीज से बाहर, 24 साल के युवा खिलाड़ी ने किया रिप्लेस
IND vs AFG: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली चोटिल हो गए थे। उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में आई गंभीर खिंचाव के कारण वे आगामी भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। कोहली के रिप्लेसमेंट की घोषणा हुई है।
अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने उनकी जगह बाएं हाथ के आक्रामक ओपनर यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में शामिल करने का फैसला किया है। क्रिकेट फैंस के लिए यह एक बड़ा झटका है क्योंकि विराट शानदार फॉर्म में चल रहे थे।

उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी के दम पर आईपीएल का खिताब जिताया था। इसी खिताबी मुकाबले में रन चेज करते समय वे चोट का शिकार बने। हालांकि, सिलेक्टर्स को पूरी उम्मीद है कि जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे तक वे पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
यशस्वी जायसवाल क्यों चुने गए?
विराट कोहली के विकल्प के तौर पर चुने गए यशस्वी जायसवाल इस समय बेहतरीन लय में हैं। दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए अपने आखिरी वनडे मैच में उन्होंने नाबाद 116 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली थी। उनकी इस वापसी से टीम के शीर्ष क्रम को मजबूती मिलेगी। वह शुभमन गिल के साथ मिलकर टीम को आक्रामक शुरुआत दे सकते हैं।
रोहित और पांड्या को लेकर क्या है स्थिति
इस तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कमान युवा स्टार शुभमन गिल संभाल रहे हैं। रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को स्क्वाड में तो रखा गया है, लेकिन उनका खेलना अभी तय नहीं है। बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक, इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों को नेशनल क्रिकेट एकेडमी (CoE) में अपना अंतिम फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा।
कहां खेले जाएंगे वनडे मुकाबले
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की यह रोमांचक वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में आमने-सामने होंगी। सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications