IND vs AFG: केएल राहुल और शुभमन के शतक, पहले दिन भारत ने खड़ा किया रनों का पहाड़
IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग की। पहले दिन के खेल में केएल राहुल ने शानदार बैटिंग की। ओपन करते हुए केएल राहुल ने अपने टेस्ट जीवन का 12वां शतक जड़कर टीम इंडिया को मजबूती प्रदान की, उनके बाद कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से भी सैकड़ा देखने को मिला।
भारतीय टीम की शुरुआत सधी हुई रही, पहले सेशन के खेल में यशस्वी जायसवाल आउट होकर चले गए। वह सिर्फ 24 रनों के स्कोर पर आउट हो गए। उनके बाद खेलने आए साई सुदर्शन ने केएल राहुल का बखूबी साथ निभाया। दोनों के बीच शतकीय भागीदारी हुई।

सुदर्शन ने तेजी से बैटिंग करते हुए 104 गेंदों में ही 81 रन ठोक डाले, हालांकि दुर्भाग्य रहा कि वह अपना सैकड़ा पूरा नहीं कर पाए। बाद में केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल ने पारी को आगे बढाया। राहुल अपना शतक पूरा करने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 11 चौकों की मदद से 165 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की पारी खेली।
गिल ने भी जमा दिया शतक
उधर कप्तान गिल क्रीज पर टिके रहे और फिफ्टी पूरी करने में सफल रहे। ऋषभ पंत के साथ मिलकर उन्होंने टीम को 300 का आंकड़ा पार करा दिया। गिल ने एकाग्रता से खेलते हुए अपने टेस्ट करियर का 11वां सैकड़ा जड़ने में सफलता पाई, बतौर कप्तान उनका यह छठा शतक है। गिल और पंत ने मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय भागीदार कर अफगान गेंदबाजों को खूब परेशान किया।
ऋषभ पंत के साथ अहम भागीदारी
राहुल और गिल के शतक हुए तो ऋषभ पंत भी पीछे नहीं रहने वाले थे। पंत ने अपने स्वाभाविक अंदाज में खेलते हुए खराब गेंदों को हवाई मार्ग से छक्कों के लिए भेजने की योजना के तहत बल्लेबाजी कर अफगानों पर दबाव बनाया। उन्होंने 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से फिफ्टी पूरी कर ली।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक गिल और पंत दोनों नाबाद रहे। उन्होंने क्रमशः 103 और 50 रन बनाए। टीम इंडिया ने 3 विकेट के नुकसान पर 368 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। अफगानिस्तान के लिए सलीम सैफी ने 2 विकेट अपने नाम किए।












Click it and Unblock the Notifications