29 को दिल्ली में RSS का एक और बड़ा कार्यक्रम, पीएम मोदी कर सकते हैं शिरकत
नई दिल्ली। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग वर्ग के बुद्धिजीवियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इतने बड़े आयोजन के बाद अब आरएसएस से संबद्ध एजुकेशनल बॉडी भी दिल्ली में खास आयोजन की तैयारी कर रही है। ईटी में छपी खबर के मुताबिक 29 सितंबर को राजधानी में ये आयोजन किया जाएगा। जिसमें मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचआरडी), यूजीसी और ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) और जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) भी सहयोग करेंगे।

नागपुर की रिसर्च फॉर रिसर्जेंस फाउंडेशन करेगी कॉन्क्लेव
नागपुर की रिसर्च फॉर रिसर्जेंस फाउंडेशन ने 29 सितंबर दिल्ली के विज्ञान भवन में ये कॉन्क्लेव रखा है। ईटी (इकोनॉमिक टाइम्स) में छपी रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे। रिसर्च फॉर रिसर्जेंस फाउंडेशन के कन्वेनर राजेश बिनीवेल ने ईटी से बताया कि कॉन्क्लेव में 300 से ज्यादा शिक्षाविद और प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इस फाउंडेशन की स्थापना आरएसएस से जुड़े भारतीय शिक्षण मंडल ने 2017 में की थी।

पीएम मोदी का होगा संबोधन
जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य यही है कि सभी उच्च शिक्षण संस्थान बेहतर तालमेल से काम करें और राष्ट्र निर्माण में नए विचारों का आदान-प्रदान करें। इसके साथ-साथ "तत्काल राष्ट्रीय जरूरतों" के समाधान की योजना बनाने के लिए मिशन मोड पर मिलकर हल निकालने में तत्पर रहें। ये कार्यक्रम शिक्षण के बजाय सीखने को लेकर एक रोड मैप बनाने के साथ समाप्त होगा। इसमें छात्रों के अंदर एन्टरप्रेन्योरशिप को प्रोत्साहित करने, उद्देश्यपूर्ण रिसर्च, संसाधनों और सामग्रियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा।

ये उच्च शिक्षण संस्थाएं आयोजन में कर रही सहयोग
इस कॉन्क्लेव को लेकर एचआरडी मंत्रालय ने सभी आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, आईआईएसईआर और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के प्रमुखों को आमंत्रित किया है। इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फॉर आर्ट्स, इंडियन काउंसिल फॉर सोशल साइंस एंड रिसर्च, जेएनयू और इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) भी अगले हफ्ते होने वाले 'कॉन्फ्रेंस ऑफ एकडमिक लीडरशिप ऑन एजुकेशन फॉर रिसर्जेंस' कार्यक्रम में सहयोग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications