शाही शादी के साथ लालू-मुलायम बने रिश्तेदार
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। बात-बात पर समाजवाद, समता और गरीब की बात करने वाले लालू प्रसाद यादव की पुत्री और मुलायम सिंह यादव के पौत्र का विवाह कल राजधानी में शाही अंदाज में हुआ। दूल्हा तेज प्रताप सिंह किसी राज परिवार से संबंध रखने वाले परिवार के सदस्य की तरह बग्गी में सवार होकर अशोक होटल पहुंचा।

विवाह समारोह में राष्ट्रपति प्रणव कुमार मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ देश के सभी अहम लोग पहुंचे थे। विवाह समारोह में शायद ही कोई नामचीन हस्ती गैर-हाजिर रही हो।
नीतीश कुमार भी थे
बिहार में विपक्ष और भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी विवाह समारोह में थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शादी में भाग लेने पहुंचे। वे बिहार भवन में ठहरे। इसके अलावा, पूर्व सीएम जीतन राम मांझी भी थे। शादी में वाम दलों के नेता भी आमंत्रित थे।
लजीज भोजन
इनके अलावा बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग भी अशोक होटल में मौजूद थे। सबके लिए लजीज भोजन की व्यवस्था थी। पर कुछ लोग यह भी कह रहे थे कि अपने को समाजवादी कहने वालों को इतनी महंगी शादी करने से बचना चाहिए था।
मेंहदी की रस्म
इससे पहले लालू के परम मित्र प्रेम चंद गुप्ता के दिल्ली के घिटोरनी इलाके में एक फार्म हाउस में लालू की बेटी की मेहंदी और हल्दी की रस्म हुई। 40 एकड़ में फैले इस फार्म हाउस को सजाया-संवारा गया। लालू यादव के परिवार और रिश्तेदारों के अलावा कई सांसद-विधायक कार्यक्रम में शामिल हुए।
उधर, मध्य प्रदेश के राज्गयपाल राम नरेश यादव भी दिल्ली में मुलायम के पोते और लालू की बेटी के ब्याह में शामिल हुए। व्यापमं फर्जीवाड़े में फंसे मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव के इस्तीफा को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। राज्यपाल पर वनरक्षक भर्ती परीक्षा -2013 में कुछ लोगों की सिफारिश करने का आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications